लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जारी की उम्मदीवारों की पहली सूची, एक पूर्व सीएम सहित ३९ प्रत्याशी घोषित
नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट 8 मार्च को जारी कर दी। शुक्रवार शाम 7.15 बजे पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 39 कैंडिडेट्स का ऐलान किया। इस लिस्ट के मुताबिक राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगे। वे अभी भी वहीं से सांसद हैं। राहुल के अलावा भूपेश बघेल और शशि थरूर के नाम भी लिस्ट में हैं।
कांग्रेस की पहली लिस्ट में 15 कैंडिडेट सामान्य (जनरल कैटेगरी), 24 उम्मीदवार एससी-एसटी,ओबीसी और माइनॉरिटी कैटेगरी से हैं। 12 उम्मीदवारों की उम्र 50 साल से कम है।
भाजपा ने 2 मार्च को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 195 कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी की थी। भाजपा की सूची के 5 दिन बाद कांग्रेस की पहली लिस्ट आई है।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री और दो पूर्व मंत्रियों को मैदान में उतारा है। शिव डहरिया और ताम्रध्वज साहू को टिकट देकर जातिगत समीकरण तो साधा ही है, साथ ही संदेश भी दिया है कि जिन बड़े विभागों को कांग्रेस के मंत्रियों ने संभाला था, उन्हें मैदान में उतारकर अब भाजपा को पटखनी देनी चाहिए।
राजेंद्र साहू को टिकट देकर भूपेश बघेल ने यह जता दिया कि टिकट वितरण में उनकी पसंद का ख्याल रखा गया है। राजेंद्र के कारण ताम्रध्वज साहू को महासमुंद शिफ्ट होना पड़ा। ज्योत्सना महंत का मुकाबला सरोज पांडेय से जरूर है, लेकिन ये चुनाव वास्तव में ज्योत्सना महंत के पति चरणदास महंत और सरोज पांडेय के बीच होगा। चरणदास महंत कांग्रेस में उस क्षेत्र के सबसे बड़े नेता हैं और सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव।
हालांकि पिछली बार मोदी लहर में भी ज्योत्सना महंत ने चुनाव जीतकर सभी को चौंकाया था। कांग्रेस की अब 5 टिकटें एक दो दिन में ही जारी हो सकती हैं, तब छत्तीसगढ़ की 11 सीटों का गणित पता चल सकेगा।
कांग्रेस पार्टी ने पहली लिस्ट में केरल की 20 में से 16 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। राहुल गांधी को वायनाड और तिरुवनंतपुरम से तीन बार के सांसद शशि थरूर को चौथी बार टिकट दिया गया है। इसके अलावा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल अलपुझा से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने 16 नामों में से 14 नामों को इस बार भी रिपीट किया है। वहीं, दो अलपुझा और त्रिशूर सीट से प्रत्याशी बदले हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 16 और गठबंधन के तीन अन्य दलों को 4 सीटें मिली थीं। भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी, हालांकि 15% वोट जरूर हासिल किए।
मेघालय: पूर्व CM मुकुल संगमा की जगह नया चेहरा
मेघालय की दो लोकसभा सीटों पर पार्टी ने सिर्फ एक चेहरा बदला है। पार्टी ने शिलॉन्ग से विन्सेंट एच पाला को एक बार फिर मौका दिया है। विन्सेंट 2019 में जीतकर सांसद बने थे। राज्य की दूसरी सीट तुरा से पार्टी ने डॉ. मुकुल संगमा की जगह सलेंग ए संगमा को प्रत्याशी बनाया है। डॉ. मुकुल संगमा 2019 में चुनाव हार गए थे। वे राज्य के CM भी रह चुके हैं। वे 2021 में कांग्रेस के 11 विधायकों के साथ TMC में शामिल हो गए थे।

