राजस्थान : महिला विधायक का फेक वीडियो वायरल, पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आरोपी गिरफ्तार
बयाना। बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत का सोशल मीडिया पर फेक वीडियो वायरल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है, जो रामाराम बिश्नोई है तथा बाड़मेर बालोतरा का रहने वाला बताया गया है। वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर में कॉस्टमैटिक की दुकान करता है।
बयाना विधायक ने विधानसभा स्पीकर को दी शिकायत
विधायक ने राजस्थान विधानसभा पहुंचकर स्पीकर वासुदेव देवनानी को इस मामले की शिकायत की। जिस पर स्पीकर ने तुरन्त आईजी भरतपुर को मामले की जांच के लिए निर्देशित किया। इससे पहले विधायक डॉ. बनावत की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को लिखित शिकायत भेजी थी। जिसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। पुलिस ने एक सप्ताह के अन्दर ही मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।

