बड़ी खबर: राजस्थान में फ्री स्मार्टफोन का वितरण इसी महीने से होगा शुरू, सरकार इनको देगी पहले..

राजस्थान

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हम एक करोड़ 35 लाख महिलाओं को फ्री स्मार्टफोन देंगे। पहले फेज में इसी महीने से 40 लाख महिलाओं को पांच-सात हजार रुपए का स्मार्टफोन देंगे। फ्री राशन किट राशन की दुकानों से ही मिल जाएगी।

गहलोत ने कहा- पहले फेज में विधवा, एकल महिला, स्कूल जाने वाली 10वीं, 12वीं की बच्चियों को पहले मोबाइल दिए जाएंगे। मंगलवार को गहलोत 50 लाख लोगों के खातों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का पैसा बैंक खातों में ट्रांसफर करने के मौके पर लाभार्थी संवाद समारोह में बोले रहे थे।

पीएम मोदी पर तंज

गहलोत ने पीएम मोदी पर कहा- दिल्ली वाले कहते हैं, हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है। उनका एक इंजन तो फेल हो रहा है। इंजन तो यह है हमारे यहां सिंगल इंजन की सरकार होते हुए भी हम वह काम कर रहे हैं, जो देश के अंदर डबल इंजन की सरकारी नहीं कर पा रही है। वह काम राजस्थान में हो रहा है।

डबल इंजन फेल हो गया

गहलोत ने कहा- हम इतनी स्कीम्स लाए हैं। इतना विकास किया है। विधायकों ने जो मांगा है। वो दिया है। विधायकों ने कहा- कॉलेज दे दो, तहसील दे दो, एसडीओ ऑफिस दे दो, जो मांगा, मैंने दिया है। मैंने उनसे कहा- आप मांगते-मांगते थक जाओगे मैं देते-देते नहीं थकूंगा। यह मैंने कहा था इतना काम देश के किस राज्य में हो रहा है। वहां तो डबल इंजन फेल हो गया। सिंगल इंजन वाली जो सरकार है यही कामयाब है।

मेरे दोनों पैरों में फ्रैक्चर, भगवान ने चाहा रेस्ट करो

गहलोत ने क​हा- संयोग से मेरे दोनों पैरों में एक साथ फ्रैक्चर हो गया है, जो कभी होता नहीं है। एक पैर में हो सकता है, एक हाथ में हो सकता है। डॉक्टर कहते हैं, पहला केस है। जो आपके दोनों पांव के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है। नाखून उखड़ गए। एक में हड्डी के टुकड़े हो गए हैं। ऐसा कभी नहीं होता है।

मुझे लगता है संयोग ऐसा बैठा है। मेरे राजस्थान भर में दौरे चल चल रहे थे। भगवान ने चाहा होगा कि रेस्ट करें। लगता है इसलिए मुझे फ्रैक्चर हुआ है। अगर यह फ्रैक्चर नहीं होता तो यह प्रोग्राम घर पर करने की वजह किसी हॉल में करता। हॉल में करने के मायने ही अलग होते।