बीकानेर से जुड़े आज के मुख्य सामाचार पढ़ें सिर्फ एक क्लिक में ????????

बीकानेर

बीकानेर से जुड़े आज के मुख्य सामाचार पढ़ें सिर्फ एक क्लिक में ???????? दिनांक 8 फ़रवरी 2023

उचित मूल्य दुकानदारों की नियुक्ति करने हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित
17 मार्च तक किया जा सकेगा आवेदन
बीकानेर, 8 फरवरी। जिले में उचित मूल्य दुकानों पर नवीन उचित मूल्य दुकानदारों की नियुक्ति करने हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। जिला रसद अधिकारी भागुराम महला ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति 17 मार्च सायं 5 बजे तक आवेदन जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र 100 रूपये का डीडी या पोस्टल आर्डर शुल्क जमा करवाकर जिला रसद अधिकारी कार्यालय से 8 फरवरी से 16 मार्च तक कार्यालय समय में प्राप्त किये जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में रिक्त (नवसृजन सहित) उचित मूल्य दुकान तहसील क्षेत्र बीकानेर की गा्रम धोलेरा,ग्राम खारा(महिला आरक्षित), ग्राम गाढ़वाला, ग्राम जलालसर,ग्राम जालवाली, ग्राम लाखूसर(महिला आरक्षित),ग्राम तेजरासर, ग्राम नाल बाड़ी, ग्राम पेमासर,ग्राम बीछवाल(महिला आरक्षित),ग्राम रामसर, ग्राम शोभासर, ग्राम नापासर (पोस कोड 1181महिला आरक्षित), ग्राम नापासर (महिला आरक्षित), ग्राम नापासर (पोस कोड 1200), ग्राम नापासर (पोस कोड 1191) एवं ग्राम नापासर के लिए आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। पात्रता के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जिला रसद अधिकारी, कार्यालय में सम्पर्क कर अथवा जिले की वेबसाईट पर देखे जा सकते है।

वूलन एक्सपो में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर, 8 फरवरी। जिला प्रशासन, उद्यम प्रोत्साहन संस्थान, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र तथा केन्द्रीय ऊन विकास बोर्ड जोधपुर की ओर से ग्रामीण हाट में चल रहे दस दिवसीय वूलन एक्सपो में बुधवार को वीणा जोशी द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
वूलन एक्सपो के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी व उद्योग प्रसार अधिकारी पूजा शर्मा ने बताया कि 10 फरवरी को नृत्य व गायन तथा 11 फरवरी को 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वूलन फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा ने बताया कि ऊनी उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु आयोजित मेले में 50 वूलन स्टॉल्स लगाई गई हैं। इनमें प्रदेश के बाहर से आए स्टॉलधारकों द्वारा ऊनी उत्पादों की बिक्री की जा रही है। कश्मीरी शॉल तथा पसमीना ग्राहकों द्वारा सबसे अधिक पंसद किया जा रहा है।
इस अवसर पर मेला प्रभारी व सहायक निदेशक अतुल शर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी शेर सिंह तंवर, वरिष्ठ सहायक रचना कुमारी व मनीष सुथार आदि मौजूद रहे।

फ्लेगशिप योजनाओं की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी के प्रति दिखा उत्साह, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सहित अनेक लोगों ने लिए भाग
गुरुवार को भी रहेगी जारी
बीकानेर, 8 फरवरी। सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय द्वारा विनय एक्सप्रेस डॉट इन न्यूज पोर्टल के सहयोग से आयोजित फ्लेगशिप योजनाओं पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के प्रति उत्साह देखा गया। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी और जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक हरि शंकर आचार्य ने इसकी शुरुआत की।
इस दौरान डॉ. सोनी ने कहा कि राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की जानकारी गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके, इसके लिए जागरूकता की गतिविधियां सतत रूप से आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार हो, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति इनके लाभ से वंचित नहीं रहे।
आचार्य ने बताया कि पहले दिन सार्वजनिक पुस्तकालय सहित विभिन्न स्थानों पर युवाओं ने इस ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लिया। यह ऑन लाइन प्रतियोगिता 9 फरवरी को सायं 5 बजे तक चलेगी। इसके लिए https://vinayexpress.in/rajasthan-sarkar-flagship-quiz/ पर क्लिक करना होगा।
विनय एक्सप्रेस के विनय थानवी ने बताया कि प्रतियोगिता में पचास प्रतिशत प्रश्न सही करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल बधाई पत्र भी दिया जा रहा है। उन्होंने डॉ. सोनी और आचार्य को पहले बधाई पत्र प्रदान किए।

शिक्षा मंत्री ने ली पीडब्ल्यूडी और जलदाय विभाग के अधिकारियों की बैठक
निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर करने के दिए निर्देश, वृहद पेयजल योजना की जानी प्रगति

बीकानेर, 8 फरवरी। शिक्षा मंत्री डाॅ. बी. डी. कल्ला ने कहा कि सड़क और भवन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए। सभी कार्य समय पर पूर्ण हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
डाॅ. कल्ला ने बुधवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के सभागार में पीडब्ल्यूडी और जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने शहर में चल रहे प्रमुख कार्यों की समीक्षा की और कहा कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा, एमएलए लैड, एलएसजी तथा डीएमएफटी मद के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं। क्रियान्वयन में किसी प्रकार की परेशानी हो तो जिला कलक्टर अथवा अन्य उच्च अधिकारियों को अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित से अधिक समय तक कोई कार्य लंबित नहीं रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण से पूर्व पाइपलाइन डालने और यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। पाइपलाइन नाॅम्र्स के अनुसार गहराई में नहीं हो और इस कारण यदि सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो जिम्मेदार अधिकारी और फर्म के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र की सीवरेज, पाइपलाइन, विद्युत पोल और सड़क से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए समन्वय समिति गठित की जाए। इसमें पीडब्ल्यूडी, जलदाय विभाग, नगर निगम, नगर विकास न्यास, आरयूआईडीपी और विद्युत निगम के अधिकारियों को शामिल किया जाए।
डाॅ. कल्ला ने कहा कि कोई भी समिति से अनुमति के बिना सड़क को क्षतिग्रस्त नहीं करे। ऐसा होता है तो नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व की ऐसी जमीनें, जिनके पट्टे नहीं हैं, इनके पट्टे जारी करने की कार्यवाही जिला प्रशासन के सहयोग से की जाए। उन्होंने कहा कि पीबीएम अस्पताल के रखरखाव और मेंटिनेंस के लिए राशि स्वीकृत करवाई गई है। इस कार्य को शीघ्र प्रारम्भ करें। यहां की सीवरेज, शौचालय और छतों के मरम्मत का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि विधायक निधि के स्वीकृत कार्यों में श्रम कार्य के लिए इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत श्रमिक नियोजित किए जाएं।
शिक्षा मंत्री ने डूडी पेट्रोल पम्प से करमीसर फांटे, सर्वोदय बस्ती, हैडपोस्ट ऑफिस से नत्थूसर गेट, मुरलीधर व्यास काॅलोनी, बंगला नगर, गंगाशहर और भीनासर सहित शहरी क्षेत्र की सड़कों से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्मीनाथ मंदिर में सौंदर्यकरण कार्य शीघ्र करवाने, एमएस काॅलेज, शार्दूल स्पोर्ट्स स्कूल भवन निर्माण की प्रगति जानी। सभी प्रमुख सड़कों पर नाॅम्र्स के अनुरूप डिवाइडर बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा नगर विकास न्यास और नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
डाॅ. कल्ला ने कहा कि डाक बंगले के रखरखाव और सौंदर्यकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करवाए जाएं। यह प्रस्ताव सरकार को भिजवाए जाएंगे। उन्होंने शहरी क्षेत्र में स्थाई हैलीपेड बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

इन कार्यों की हुई समीक्षा

शिक्षा मंत्री ने बताया कि बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी के माध्यम से अब तक 64 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 7.20 करोड़ रुपये के 49 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं 13 कार्य अंतिम चरण में हैं। इसी प्रकार डीएमएफटी के तहत शहरी क्षेत्र में 7.5 करोड़ रुपये की 36 सड़कें बनाई गई हैं। वर्ष 2021-22 में बीकानेर पश्चिम में 5 करोड़ रुपये की लागत से 22 सड़कें बनाई गई। इस वर्ष 10 करोड़ की सड़कें बनाई जा रही हैं। इसी प्रकार एलएसजी के तहत गत वित्तीय वर्ष में शहर में 12 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़कें बनी। इस बार बीकानेर शहर में 15 करोड़ रुपये की लागत से एलएलसी मद से सड़कों से जुड़े 99 कार्य करवाए जा रहे हैं।

नहरबंदी के मद्देनजर करें पुख्ता तैयारी

डाॅ. कल्ला ने जलदाय विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 614 करोड़ रुपये की वृहद पेयजल योजना की प्रगति जानी। शहर में बन रही 15 टंकियों का कार्य अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को पर्याप्त पानी मिले, इसके मद्देनजर आवश्यकता के अनुसार पाइपलाइनें बदली जाएं। प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान पेयजल उपलब्धता को लेकर परेशानी नहीं हो, इसके मद्देनजर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। सभी जल भंडारण स्त्रोत भरवाए जाने सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आमजन को जल संरक्षण के लिए जागरुक किया जाए।
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील कालाणी, अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता दीपक बंसल, अधीक्षण अभियंता राजेश पुरोहित सहित अधिशाषी, सहायक और कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।

विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे केश कला बोर्ड अध्यक्ष
बीकानेर, 8 फरवरी। केश कला बोर्ड अध्यक्ष श्री महेंद्र गहलोत आज (बुधवार) सायं बीकानेर आएंगे तथा सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गहलोत रात्रि विश्राम जांगलू में करेंगे। गुरुवार को बीकानेर, लूनकरणसर और खिंदासर में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने के पश्चात सिरोही जाएंगे। दस फरवरी रात्रि 8 बजे सिरोही से जांगलू लौटेंगे।

*सार्वजनिक पुस्तकालय के पाठकों को दी फ्लेगशिप योजनाओं की जानकारी*
*युवाओं ने डाउनलोड किया सुजस ऐप*
बीकानेर, 8 फरवरी। राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रचार-प्रसार का अभियान बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय में जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक हरिशंकर आचार्य द्वारा पाठकों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना, युवा संबल योजना, मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना, इंदिरा रसोई योजना और पालनहार योजना सहित अन्य फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने विद्यार्थियों को सुजस मोबाइल ऐप तथा विभाग द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से किए जा रहे प्रचार प्रसार के बारे में भी अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछे जाते हैं। ऐसे में राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय एवं विनय एक्सप्रेस न्यूज पोर्टल के द्वारा सरकारी योजनाओं से संबंधित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इस दौरान पाठकों को फ्लेगशिप योजनाओं पर आधारित साहित्य वितरित किया गया। सात दिवसीय अभियान गुरुवार को संपन्न होगा।

जिला कलक्टर ने किया डिवाइडर रिपेयरिंग और पेंटिंग कार्य का निरीक्षण
मिशन मोड पर कार्य करने के दिए निर्देश
बीकानेर, 8 फरवरी। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बुधवार को म्यूजियम सर्किल से चौधरी भीमसेन सर्किल और करमीसर तक डिवाइडर रिपेयरिंग और पेंटिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों पर हो रहे इन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करें। इस दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित माॅनिटरिंग हो। डिवाइडर्स की मरम्मत के साथ इन पर रंग-रोगन करने के बाद सड़कों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने म्यूजियम सर्किल से करमीसर तक आने वाले सरकारी भवनों की दीवारों के रंग-रोगन और पेंटिंग के कार्य करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत अधिक से अधिक श्रमिकों का नियोजन किया जाए। श्रीगंगानगर, जयपुर और नोखा रोड पर भी डिवाइडर्स रख-रखाव और सौंदर्यकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही डाॅ. करणीसिंह स्टेडियम में चल रहे कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त अरुण प्रकाश शर्मा, नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहूजा, अधिशाषी अभियंता राजीव गुप्ता सहित विभिन्न अधिकारी साथ रहे।

आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों की 70 प्रतिशत से कम उपस्थिति मिली तो होगी सख्त कार्रवाई- जिला कलक्टर
प्रत्येक महिला पर्यवेक्षक को प्रतिदिन एक केंद्र विजिट करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक
बीकानेर , 8 फरवरी। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने जिले में समस्त आंगनबाड़ी केंद्र खोलने और पंजीकृत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के लिए महिला पर्यवेक्षकों सख्त निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से खुले इसके लिए प्रत्येक महिला पर्यवेक्षक प्रतिदिन एक आंगनबाड़ी केंद्र का आवश्यक रूप से निरीक्षण करेंगी। सजग आंगनवाड़ी अभियान में इस भ्रमण के तहत महिला पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को रिकॉर्ड दुरुस्त करने का प्रशिक्षण देने के साथ साथ भामाशाहों से मिलना होगा तथा आंगनबाड़ी केंद्र पर रंग रोगन, टूट-फूट जैसी कमियों को दूर करने करने पर ध्यान दिया जाए।
किया जाएगा क्रॉस वेरिफिकेशन
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद ने कहा कि सजग आंगनबाड़ी अभियान का प्रथम चरण पूरा कर चुके केंद्रों पर सीडीपीओ निरीक्षण करते हुए केंद्र की स्थितियों का क्रॉस वेरिफिकेशन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
70 प्रतिशत से कम उपस्थिति पाई गई तो होगी सख्त कार्रवाई
जिला कलक्टर ने कहा कि यदि केन्द्र पर पंजीकृत बच्चों की उपस्थिति 70 प्रतिशत से कम पाई गई तो सीडीपीओ द्वारा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को तुरंत प्रभाव से हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी । जो आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह से बंद पाए जाते हैं उनके बारे में महिला पर्यवेक्षक विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
अधूरी रही पोषण वाटिकाओं को भी पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अधूरी पोषण वाटिकाओं में सहजन फली सहित अन्य मौसमी सब्जियां लगवाने की कार्यवाही की जाए ।उन्होंने पोषाहार व सेनेटरी वितरण संबंधी समीक्षा करते हुए समय पर वितरण सुनिश्चित करवाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में आईसीडीएस उपनिदेशक शारदा चौधरी सहित संबंधित सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षक उपस्थित रहीं।

नगर निगम की साधारण सभा की बैठक 13 फरवरी को
बीकानेर, 8 फरवरी। नगर निगम की साधारण सभा की बैठक 13 फरवरी को आयोजित होगी। नगर निगम आयुक्त अरुण प्रकाश शर्मा ने बताया कि वेटरनरी विश्वविद्यालय में दोपहर 12:15 बजे से बैठक होगी। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रस्तावित बजट अनुमान तथा अन्य संशोधित एवं पुनविनियोजन वित्तीय प्रस्तावों पर विचार विमर्श व पारित किये जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने किया रोटरी मरुधरा भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन

बीकानेर, 8 फरवरी। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने बुधवार को रोटरी क्लब मरुधरा द्वारा सार्दुल क्लब मैदान में आयोजित हो रहे चार दिवसीय रोटरी मरुधरा भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल नई ऊर्जा का संचार करते हैं। खेलों से टीम स्पिरिट और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना आती है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा सामाजिक सरोकारों के साथ ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करना सराहनीय है। इससे क्लब से जुड़े सभी सदस्यों और परिवारों को एक-दूसरे को जानने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जीत और हार को सिक्के के दो पहलू मानते हुए सदैव आगे बढ़ने का प्रयास करें।
इससे पहले उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का आगाज किया तथा खिलाड़ियों का परिचय लिया।
क्लब ट्रेनर पुनीत हर्ष ने बताया कि उद्यमी पदम बोथरा के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में रोटरी के विभिन्न क्लबों की 8 टीमें भाग ले रही हैं। पहला मुकाबला रोटरी मिटाउन और रोटरी बीकानेर के बीच हुआ। इस दौरान रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेश चूरा, पूर्व प्रांतपाल अरुण प्रकाश गुप्ता, अध्यक्ष कैलाश कुमावत तथा सचिव प्रेम जोशी सहित विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।
कॉर्डिनेटर टीम के रूप अंबुज गुप्ता, राहुल महेश्वरी, रूपिन कल्याणी, शकील अहमद, ओम बिहानी, अमित नवाल, मनमोहन सिंह, अनिल भंडारी, अनीश अहमद, कैलाश प्रजापत इत्यादि मौजूद थे।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 12 फरवरी को होगा। इससे पूर्व रोटरी महिला वर्ग और बच्चों के मध्य मैत्री मैच भी खेला जाएगा। कार्यक्रम का मंच संचालन एड. पुनीत हर्ष ने किया।

शिक्षा मंत्री ने सुनी आमजन की समस्याएं
बीकानेर, 8 फरवरी। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचे। उन्होंने सुबह अपने आवास पर आमजन से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में मुख्यमंत्री द्वारा बजट में बीकानेर को अनेक सौगातें ही हैं। इस बार भी 10 फरवरी को अगले वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट भी जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा और निशुल्क दवा एवं जांच योजनाएं पूरे देश के लिए नजीर हैं। इन योजनाओं ने निरोगी राजस्थान की परिकल्पना को साकार किया है। आज गरीब परिवार को भी दस लाख रुपए तक के इलाज के लिए किसी की ओर देखना नहीं पड़ता। दुर्भाग्यवश किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर भी परिवार को पांच लाख रुपए तक का लाभ चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के माध्यम से दिया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक वंचित परिवार इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों को 100 दिन का गारंटीशुदा रोजगार देने के लिए मनरेगा की तर्ज पर इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना संचालित करने वाला राजस्थान, देश का पहला राज्य है। आमजन इस योजना का लाभ भी उठाएं। इस दौरान आमजन ने शिक्षा मंत्री के समक्ष पानी, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याएं रखी। जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

एमजीएसयू की डॉ॰ मेघना शर्मा ने दिया नागपुर  की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में व्याख्यान  

क्रांतिकारी पत्र युगान्तर के अंतिम अंक में थी बम निर्माण की प्रक्रिया और मूल्य रखा गया फिरंगी का कटा हुआ सर : डॉ॰ मेघना शर्मा स्वतंत्रता कालीन पत्रकारिता के दौर में वारीन्द्र घोष के युगान्तर पत्र का संपादक कौन है ये मालूम करना ब्रिटिश सरकार के लिये तब लगभग असंभव हो गया जब कई लोग देशप्रेम के चलते और पत्र के संपादक को बचाने की जुगत में ख़ुद को संपादक बताकर जेल चले जाने से भी नहीं कतराते थे।

क्रांतिकारी पत्र युगान्तर के अंतिम अंक में बम निर्माण की सम्पूर्ण प्रक्रिया शामिल थी और उसका मूल्य रखा गया फिरंगी का ताज़ा कटा हुआ सर।उक्त विचार बीकानेर के एमजीएसयू की इतिहासविद डॉ॰ मेघना शर्मा ने नागपुर के राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ और महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा सभा पुणे, नागपुर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम में हिन्दी व मराठी साहित्य का अवदान विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रथम दिवस के चतुर्थ सत्र में मंच से सांझा किये। डॉ॰ मेघना ने मुख्य रूप से आर्य पत्रकारिता के तीन युगों को दृष्टिगत रखते हुये स्वतंत्रता कालीन पत्रकारिता एवं साहित्यिक परिदृश्य पर अपना व्याख्यान केंद्रित रखा। इससे पूर्व उद्घाटन सत्र में संगोष्ठी संयोजक डॉ॰ मनोज पाण्डेय द्वारा संपादित स्वतंत्रता संग्राम में हिन्दी साहित्य का अवदान विषयक पुस्तक का मंचस्थ विद्वानों द्वारा लोकार्पण किया गया जिसमें बीकानेर की डॉ॰ मेघना का आलेख भी प्रकाशित हुआ है।उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान की प्रधान संपादक डॉ॰ अमिता दुबे ने भी मंच से अपने विचार प्रस्तुत किये।अध्यक्षता नागपुर विश्वविद्यालय के उप कुलपति प्रो. दुधे ने की।