पत्नी ने प्रेमी से कराई पति की पिटाई, मासूम से अश्लील हरकत करने पर भिजवा दिया था जेल, जानें मामला
दैनिक खबरां नेटवर्क। राजस्थान के धौलपुर जिले में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जमकर पिटाई लगा दी। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी उससे उसके बेटे को जबरन छीनना चाहती है। पीड़ित ने नादनपुर थाना में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बाड़ी के रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। 2008 में उसकी शादी हरियाणा की रहने वाली एक युवती से हुई थी। दोनों के एक 12 साल का बेटा और 5 साल की बेटी है।
उसकी पत्नी कुछ दिन दिल्ली और कुछ दिन गांव में रहती थी। इस बीच गांव के एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध शुरू हो गया। मार्च 2022 में युवक उसकी पत्नी और बच्चों को उज्जैन भगाकर ले गया। इस संबंध में पीड़ित ने दिल्ली के एक थाने में केस दर्ज कराया।
दो महीने बाद मई में दिल्ली पुलिस ने आरोपी के साथ पीड़ित की पत्नी और उसके बच्चों को उज्जैन से दास्तयाब कर लिया। पूछताछ में पीड़ित के 12 साल के बच्चे ने मां के प्रेमी पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
वहीं, पीड़ित की पत्नी अपने रिश्तेदार के यहां रहने चली गई। इस दौरान नाबालिग बच्चे ने पिता को फोन कर उसके साथ रहने की बात कही तो वह उसे अपने साथ दिल्ली ले गया। इधर, पीड़ित की पत्नी के प्रेमी के जमानत पर बाहर आने के बाद बच्चे की मां ने उसकी कस्टडी के लिए धौलपुर के नादनपुर थाने में केस दर्ज करा दिया।
मां की शिकायत पर नादनपुर पुलिस ने पीड़ित युवक को बच्चे के साथ थाने बुलाया। शुक्रवार को पीड़ित युवक अपने बेटे को लेकर धौलपुर आया। इस दौरान बच्चे को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। उसने अपने पिता के साथ ही रहने की बात कही
लेकिन समिति ने उसके बेहतर भविष्य के लिए चाइल्ड केयर में भेज दिया। इससे नाराज पिता चाइल्ड केयर पहुंचा तो उसकी पत्नी के प्रेमी ने उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। मारपीट से घायल युवक ने शनिवार को थाने में केस दर्ज कराया है।

