बांग्लादेश में साइक्लोन सितरंग से 24 मौतें, भारत में भी हो चुका प्रवेश,इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
दैनिक ख़बरां। बांग्लादेश में साइक्लोन सितरंग से 24 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही सितरंग ने भारत में भी दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में रेड अलर्ट जारी किया है। असम में सोमवार सुबह चक्रवाती तूफान सितरंग का असर महसूस किया गया। यहां राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई। इनमें असम के करीमगंज, कछार, हैलाकांडी और दीमा हसाओ जिले शामिल थे। IMD के अनुसार सोमवार को तड़के 3.17 बजे सितरंग पश्चिम बंगाल में सागर द्वीप से 520 किमी दक्षिण और बांग्लादेश में बारिसल से 670 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था।
इस तूफान के असर से त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, और नागालैंड में 100 से 110 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और असम के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। मंगलवार को गुवाहाटी में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। बंगाल की CM ममता बनर्जी ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है।
बांग्लादेश में बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
चक्रवात सितरंग के कारण बांग्लादेश में सोमवार रात घनी आबादी वाले इलाकों में जमकर बारिश होने से 24 लोगों की मौत हो गई। बरगुना, नरेल, सिराजगंज और भोल जिले में ये मौतें हुई हैं। अफसरों का कहना है- मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि अन्य जिलों से भी हादसों की खबरें आ रही हैं।

