‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर कोटा में लगी धारा 144, राजनीति विरोध पर लिया यू-टर्न…..
कोटा, @Dainikkhabraan। राजस्थान के कोटा शहर में धारा-144 लगने के मामले में राजनीति होने के बाद नया आदेश जारी कर दिया है। इसके मुताबिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित द कश्मीर फाइल्स या अन्य फिल्म के प्रदर्शन पर धारा-144 लागू नहीं होगा। चेटीचंड, रामनवमी सहित त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजनों कोई रोक नहीं होगी। यह संशोधित आदेश जिला मजिस्ट्रे की ओर से जारी किया गया है।
मालूम हो कि कोटा में धारा-144 लगने के बाद ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था कि आतंकियों की ताकत सिर्फ इतनी है कि वो डर पैदा करते हैं। हम डर जाते हैं। ये आपके लिए न्याय का समय है’।
मालूम हो कि इससे पहले कोटा में मंगलवार सुबह 6 बजे से धारा 144 लागू करने के आदेश जिला कलेक्टर ने जारी किया था। सोमवार को जारी इस आदेश में कहा गया था कि आने वाले दिनों में त्योहारों और वर्तमान में सिनेमाघरों में जारी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर सुरक्षा के लिहाज से धारा 144 लगू करना आवश्यक है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय रहते भीड़ के इकट्ठे होने के साथ ही जुलूस और सभाओं पर पाबंदी लगाने की जरूरत है। आदेश में कहा गया था कि जिले में 22 मार्च सुबह 6 बजे से 21 अप्रैल रात 12 बजे तक धारा 144 का पाबंदियां लागू रहेंगी।

