राजस्थान: 11 लाख नहीं दिए तो नही आई बारात, गिड़गिड़ाते रहे दुल्हन के कॉन्स्टेबल पापा…..

पुलिस कार्रवाई भरतपुर राजस्थान राज्य

11 लाख नहीं दिए तो नही आई बारात, गिड़गिड़ाते रहे दुल्हन के कॉन्स्टेबल पापा

भरतपुर, @Dainikkhabraan। लड़की वालाें ने बारात के वक्त 11 लाख रुपए कैश नहीं दिए तो लड़के वालों ने शादी से ही इंकार कर दिया। लड़की के पिता लड़के वालों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, देर रात तक उनका इंतजार किया, लेकिन लड़के वालों का दिल नहीं पसीजा और शादी अधूरी ही रह गई।

दरअसल, भरतपुर में  शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी, बारात मैरिज होम में लगने वाली थी कि इससे पहले दूल्हे के घरवालों ने लड़की के पिता से 11 लाख रुपए की डिमांड कर दी। लड़की के पिता ने रुपए की व्यवस्था नहीं होने की बात कही तो लड़के वाले बारात लेकर भी नहीं पहुंचे। लड़की के रिश्तेदार व दूसरे बाराती रात 2 बजे तक बारात आने का इंतजार करते रहे। बारात नहीं आई तो लड़की पक्ष के लोग मथुरा गेट थाने पहुंचे और लड़के वालों के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज करवा दिया।

मामला शुक्रवार रात का है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले पुलिस कांस्टेबल महेश चंद्र की बेटी खुशबू फौजदार (23) की शादी प्रिंस नगर के रहने वाले कुशल कुमार (25) से होनी थी। 4 मार्च को खुशबू की बारात आनी थी। बारातियों के स्वागत से लेकर उनके खाने पीने की पूरी व्यवस्था की गई। बारात आने से पहले लड़के के पिता वीरेंद्र कुंतल ने फोन पर लड़की के पिता महेश चंद्र से 11 लाख रुपये दहेज में देने की डिमांड रखी। लड़की के पिता ने दहेज के रुपए का इंतजाम होने से मना कर दिया। लड़के के पिता ने लड़की पक्ष को यह नहीं बताया की वह बारात लेकर नहीं आ रहे।

लड़की का पिता भरतपुर पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है, जबकि लड़का व उसका भाई आर्मी में हैं। पिता भी आर्मी से रिटायर है। बताया जा रहा है दूल्हे की पोस्टिंग चंडीगढ़ में है और वह क्लर्क है।

18 लाख और प्लॉट दिया है
खुशबू और प्रिंस की 29 नवंबर को सगाई हुई थी। 4 मार्च को शादी की तारीख तय की गई।

खुशबू के पिता ने बताया कि लड़के वालों को शादी से पहले ही 18 लाख रुपए कैश दे चुके हैं। इसके साथ 20 लाख का प्लाॅट और सोफा, बेड, अलमारी, सोने-चांदी के जेवर पहले ही दे चुके हैं। अब दोबारा 11 लाख रुपए की मांग की है।