बीकानेर: स्कूल परिसर से गायब हुई दो लड़कियां, मिली स्कूल यूनिफॉर्म…..
बीकानेर, @Dainikkhabraan। शहर की एक स्कूल से दो लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने सदर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण कर ले जाने का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पुत्री को सुबह 10 बजे स्कूल छोड़कर आया था। उसके बाद दोपहर 3:45 बजे वापस लेने गया तो उसकी छोटी पुत्री तो आ गयी , लेकिन बड़ी बेटी नहीं आई। काफी देर इंतजार के बाद उसको स्कूल में ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। उसके बाद स्कूल परिसर में उसकी पुत्री व एक अन्य लड़की की स्कूल ड्रेस मिली। लेकिन दोनों कहीं चली गयी जो कि अब तक वापस नहीं मिली।
मामले की जांच कर रहे एसआई बेगराज ने बताया कि दोनों लड़कियां रिश्ते में मौसेरी बहनें हैं। दोनों शुक्रवार को स्कूल आई, लेकिन स्कूल से गायब हो गई। दोनों की स्कूल यूनिफॉर्म स्कूल परिसर में मिली है, लेकिन दोनों लड़कियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बेगराज ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

