बीकानेर में होगा ऊंट उत्सव: कोरोना के कारण स्थगित हुआ केमल फेस्टिवल अब छह से आठ मार्च तक, शहरी एरिया में ही होंगे अधिकांश कार्यक्रम…..

दुनिया देश नई दिल्ली बीकानेर मनोरंजन राजस्थान राज्य

बीकानेर में होगा ऊंट उत्सव: कोरोना के कारण स्थगित हुआ केमल फेस्टिवल अब छह से आठ मार्च तक, शहरी एरिया में ही होंगे अधिकांश कार्यक्रम

बीकानेर, @dainikkhabraan। कोरोना के कारण स्थगित हुए ऊंट उत्सव का आयोजन अब बीकानेर में छह से आठ मार्च तक होगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान अधिकांश कार्यक्रम बीकानेर शहर में होंगे, वहीं जोड़बीड़ में पक्षियों को देखने का कार्यक्रम होगा। करणी सिंह स्टेडियम के साथ उष्ट्र अनुसंधान केंद्र पर अनेक आयोजन होंगे।

जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने गुरुवार को इससे संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि ऊंट उत्सव की शुरुआत 6 मार्च को हेरिटेज वॉक के साथ होगी। हेरिटेज वॉक सुबह 7 बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर से रामपुरिया हवेलियां तक आयोजित की जाएगी। इसी श्रृंखला में दोपहर साढ़े तीन से शाम साढ़े छह बजे तक राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र में ऊंट सज्जा, ऊंट दौड़, ऊंट फर कटिंग, ऊंट नृत्य, मिस्टर बीकाणा, मिस मरवन, कुश्ती, रस्साकशी और महिलाओं की मटका दौड़ का आयोजन होगा।

7 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े नौ बजे तक जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में बर्ड वाचिंग कार्यक्रम होगा। इसी दिन सायं साढ़े छह बजे से रात 10 बजे तक पब्लिक पार्क में बीकानेर कार्निवल आयोजित किया जाएगा। यह कार्निवल राजकीय गंगा संग्रहालय से शुरू होगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव के तीसरे दिन सायं 4:30 से 6:30 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में कैमल टैटू और बीएसएफ का एक्रोबेटिक शो आयोजित होगा। ऊंट उत्सव का समापन 8 मार्च को सायं 6:00 से 9:30 बजे तक आयोजित करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा।

इस दौरान पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ढाका तथा पर्यटन अधिकारी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह,पर्यटन सहायक योगेश राय मौजूद रहे।