केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग को लेकर की बैठक, ओमिक्रोन के मद्देनजर बढ़ायी गई निगरानी….

चिकित्सा दुनिया देश नई दिल्ली

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग को लेकर की बैठक, ओमिक्रोन के मद्देनजर बढ़ायी गई निगरानी

नई दिल्ली, @dainikkhabraan। विश्व में तेजी से फैलते ओमिक्रोन से केन्द्र सरकार ने भी हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह 10 बजे केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने राज्यों के सभी एयरपोर्ट के जनस्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक बुलाई।

लोकसभा में कोरोना महामारी पर नियम 193 के तहत चर्चा

बैठक के दौरान एयरपोर्ट एवं बंदरगाहों पर बाहर से आने वाले आगंतुकों की जांच और संक्रमण से निपटने के उपायों की समीक्षा की गई। इसके साथ गुरुवार को लोकसभा में कोरोना महामारी पर नियम 193 के तहत चर्चा भी की जाएगी।

हाई रिस्क वाले देशों से लौटे 6 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका और अन्य हाई रिस्क वाले देशों से लौटे 6 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 30475 यात्रियों की स्क्रीनिंग के बाद 6 लोगों में कोविड 19 महामारी का लक्षण मिला है। कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के नमूने जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं। इसके साथ ही उनकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है।

पीएम मोदी खुद बनाए हुए हैं नजर

वहीं पीएम मोदी स्वयं स्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्‍होंने इस संबंध में बीते शनिवार को उच्‍चाधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ एक बैठक भी की थी जिसमें उन्‍होंने अधिकारियों से अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों में ढील देने की योजना की समीक्षा करने के निर्देश दिए थे। साथ ही साथ जोखिम को देखते हुए अधिकारियों से प्रोएक्टिव रहने को भी कहा।

केवल इतना ही नहीं पीएम मोदी ने जोखिम की श्रेणी में शामिल देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी और दिशानिर्देशों के अनुरूप यात्रियों की जांच की जरूरत बताई। इसी के मद्देनजर आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट एवं बंदरगाहों पर बाहर से आने वाले आगंतुकों की स्क्रीनिंग को लेकर समीक्षा बैठक की।

प्रधानमंत्री ने कोविड रोधी टीके दूसरी खुराक का दायरा बढ़ाने का भी निर्देश दिया और राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करने का भी निर्देश दिया। इसे ध्यान में रखते हुए बीते दिनों केंद्र सरकार द्वारा एक टीकाकरण को लेकर एक रिपोर्ट भी जारी की गई थी जिसमें टीकाकरण में आगे रहने वाले राज्यों और पीछे चल रहे राज्यों का ब्यौरा दिया गया था। इस सूची का मकसद राज्यों को टीकाकरण की गति बढ़ाने का माना जा रहा है।

कोविड-19 अपडेट:

  • देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक वैक्सीन की 124.96 करोड़ खुराकें लगाई गईं।
  • भारत का सक्रिय केसलोड इस समय 99,763 है।
  • सक्रिय मामले, कुल मामलों का एक प्रतिशत से भी कम हैं। ये इस समय 0.29 प्रतिशत हैं, जो मार्च 2020 से अपने न्यूनतम स्तर पर हैं।
  • रिकवरी दर मौजूदा समय 98.35 प्रतिशत है।
  • पिछले 24 घंटों में 8,548 मरीज स्वस्थ हुये। इस तरह स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 3,40,37,054 हो गई है।
  • पिछले 24 घंटों में 9,765 नये मामले आये हैं।
  • दैनिक पॉजिविटी दर (0.89 प्रतिशत) पिछले 59 दिनों से दो प्रतिशत से कम पर कायम।
  • साप्ताहिक पॉजिविटी दर (0.85 प्रतिशत) पिछले 18 दिनों से एक प्रतिशत से कम पर कायम।
  • अब तक कुल 64.35 करोड़ जांचें की जा चुकी हैं।