NH-11 पर ट्रक-बाइक की भिड़ंत में एक की मौत; दूसरे घायल को विधायक ने अपनी कार से अस्पताल पहुंचा जान बचाई….
गुंसाईंसर/चुरू, @दैनिक खबरां। एनएच 11 पर गुंसाईंसर के पास बुधवार शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक 40 वर्षीय युवक गंभीर घायल हो गया। वहां से जा रहे फतेहपुर विधायक ने दोनों युवकों को समय पर रतनगढ़ के अस्पताल पहुंचाया।
चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। एएसआई राजेंद्रसिंह के अनुसार गांव हरदेसर निवासी जयनारायण पुत्र हुकमाराम मेघवाल व सांवरमल पुत्र भींवाराम जाट गांव से बाइक पर रतनगढ़ की तरफ आ रहे थे।
गुसाईंसर के पास बीकानेर से जयपुर की तरफ जा रहे ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उसी दौरान फतेहपुर से सरदारशहर शादी समारोह में जा रहे फतेहपुर विधायक हाकम अली ने घायल युवकों को तड़पता देखकर अपनी कार को रोका और दोनों को कार में डालकर रतनगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे और उन्हें भर्ती करवाया।
उपचार के दौरान जयनारायण की मौत हो गई, वहीं सांवरमल को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया। घटना को लेकर बुधवार देर शाम तक थाने में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ।

