अजमेर डीआरएम के नाम से रिश्वत लेते ओएस रंगे हाथ गिरफ्तार
अजमेर, @dainikkhabraan। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अजमेर चौकी ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कार्यालय अधीक्षक सहीराम मीणा को को चालीस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी परिवादी से अजमेर स्थानान्तरण करवाने के नाम पर एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा था। पीडि़त की शिकायत व सत्यापन के बाद एसीबी ने मंगलवार शाम आरोपी को रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक समीरसिंह ने बताया कि एसीबी मुख्यालय ने अजमेर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई पर कार्रवाई के आदेश दिए। मुख्यालय के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतनालसिंह के नेतृत्व में उप अधीक्षक अनूपसिंह ने शिकायत का सत्यापन कर मंगलवार शाम मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यालय अधीक्षक करौली सेंगरपुरा हाल फ्रेजर रोड रेलवे क्वाटर निवासी सहीराम मीणा को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
आरोपी पीडित रेलवे कर्मचारी को स्थानान्तरण करवाने की एवज में कार्यालय मंडल रेल प्रबंधक अजमेर के नाम पर एक लाख रुपए की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा था। आरोपी ने परिवादी से पूर्व में 40 हजार रुपए की रिश्वत वसूल चुका था। शेष रकम के लिए परेशान किए जाने पर परिवादी ने एसीबी मुख्यालय में आरोपी के खिलाफ शिकायत दे दी।
आरोपी के घर पर भी तलाशी
एसीबी की टीम ने कार्यालय अधीक्षक सहीराम मीणा के सरकारी आवास समेत अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली। एसीबी की टीम देर रात तक अनुसंधान में जुटी रही। आरोपी के खिलाफ एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधीनियम में प्रकरण दर्ज करके अनुसंधान शुरू कर दिया।
आमजन दे अपना योगदान
एसीबी के महानिदेशक बी.एल. सोनी ने बताया कि आमजन एसीबी की टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर 1064 और हैल्पलाइन मोबाइल नम्बर 94135-02834 पर सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे भ्रष्टाचार के विरूद्ध शिकायत देकर महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। एसीबी परिवादी के वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। एसीबी राज्य में राज्यकर्मी के साथ-साथ केन्द्र सरकार के कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत है।

