10 लाख का डोडा-पोस्त पकड़ा, ट्रक में मक्की के दानों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे, दो तस्करों को किया गिरफ्तार….

चुरू पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

10 लाख का डोडा-पोस्त पकड़ा, ट्रक में मक्की के दानों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

चूरू, @dainikkhabraan। चूरू जिले की रतन नगर थाना पुलिस ने मक्की के दानों से भरे ट्रक में डोडा पोस्त के छिलकों से भरे 12 बोरे बरामद किए है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। शातिर पिछले काफी दिनों से पोस्त तस्करी कर रहे थे, मगर पुलिस के हत्थे पहली बार चढ़े है।

थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार राणा ने बताया कि शनिवार देर शाम उंटवालिया तिराहे पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक को रूकने का इशारा किया। जिस पर ट्रक ड्राइवर ने ट्रक रोक लिया। पूछने पर सामने आया कि ट्रक में मक्की के दाने भरे हुए है। मगर पुलिस की पूछताछ में ड्राइवर व उसका साथी दोनों घबरा गए। जिस पर पुलिस ने ट्रक को साइड में लगाकर तलाशी ली। जिसमें 12 बोरों में डोडा पोस्त के छिलके भरे हुए थे। पुलिस ने ट्रक व पोस्त छिलकों को जब्त कर लिया। पुलिस ने तस्करी के आरोप में संगरूर पंजाब निवासी ट्रक ड्राइवर गुरी सिंह और परिचालक हरमनदीप को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी काफी लम्बे समय से इस तरह सामान से भरे ट्रक में पोस्त तस्करी कर रहे थे। मगर पुलिस के हाथ पहली बार ही लगे है। उक्त आरोपी ने बताया कि वह ट्रक में चितौड़गढ़ से मक्की के दाने और पोस्त छिलके भरकर चले थे और उनको पंजाब लेकर जाते। पुलिस की ओर से पकड़े गए डोडा पोस्त की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार राणा के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल हरिदान, कांस्टेबल राजवीर सिंह, सुषील, धर्मेन्द्र, सुरेन्द्र व अनिल शामिल रहे।