एक्स्ट्रा क्लास के बहाने स्कूल टीचर की शर्मनाक हरकत, छात्रा ने उठाया बड़ा कदम
कोयंबटूर/तमिलनाडु, @dainikkhabraan। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नाबालिग लड़की ने ये खौफनाक कदम उस वक्त उठाया, जब उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे।
पुलिस ने लड़की के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें तीन लोगों के नाम का जिक्र है।
कोयंबटूर में रहने वाली 17 वर्षीय पोंथरिनी एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पोंथरिनी ने हाल ही में स्कूल जाना शुरू किया था। लेकिन अचानक वो अपने वर्तमान स्कूल को छोड़ने की बात करने लगी। वो वहां नहीं जाना चाहती थी। इसी वजह से उसे स्कूल से टीसी भी मिल गई थी।
शुक्रवार को वह अपने कमरे में फांसी पर लटकी पाई गई। तलाशी लेने पर लड़की के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें तीन लोगों के नाम थे। उसके माता-पिता ने आरोप लगाया कि लड़की के स्कूल का एक शिक्षक उसका यौन उत्पीड़न कर रहा था। लड़की ने इस बात की शिकायत भी की थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लड़की के पिता मकुतेश्वरन ने कहा, ‘मेरी बेटी ने फैकल्टी मिथुन चक्रवर्ती के खिलाफ शिकायत दी थी, मगर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि प्रिंसिपल ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, और मिथुन लगातार मेरी बेटी को प्रताड़ित करता रहा।”
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर निजी स्कूल के स्कूल शिक्षक मिथुन चक्रवर्ती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित आईपीसी की 2 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी शिक्षक पर आईपीसी की धारा 306 और पोक्सो एक्ट की धारा 9एल आर/डब्ल्यू धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

