जिला कलक्टर मेहता ने प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान की जानी प्रगति, एंटी लार्वल गतिविधियों तथा टीकाकरण में और गति लाने के दिए निर्देश…..

चिकित्सा बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन

जिला कलक्टर मेहता ने प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान की जानी प्रगति
एंटी लार्वल गतिविधियों तथा टीकाकरण में और गति लाने के दिए निर्देश

बीकानेर, @dainikkhabraan। जिला कलक्टर नमित मेहता ने शुक्रवार को प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान, डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों के मद्देनजर एंटी लार्वल गतिविधियां, कोविड टीकाकरण सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन शहरों के संग अभियान की प्रगति बढ़ाने के लिए उपनिदेशक स्थानीय निकाय द्वारा निकाय तथा शिविर से संबंधित विभागवार नियमित मॉनिटरिंग की जाए। किसी भी स्थिति में उपलब्धि कम नहीं रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रशासन गांवों के संग अभियान के बारे में भी जाना तथा कहा कि शिविर स्थल पर अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्री-कैंप के माध्यम से समस्याओं के चिन्हीकरण तथा मुख्य शिविर में इनका निस्तारण किया जाए।

आवश्यकता के अनुसार फॉलोअप शिविर भी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार अंतिम व्यक्ति को राहत पहुंचाने तक शिविर चालू रहें तथा दैनिक रिपोर्ट पूर्ण सावधानी से अपडेट की जाए।

एंटी लार्वल गतिविधियां हों और अधिक प्रभावी
जिला कलक्टर ने कहा कि डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के मद्देनजर एंटी लार्वल गतिविधियां नियमित रूप से की जाएं। प्रतिदिन चिन्हित होने वाले डेंगू पॉजिटिव मरीजों के घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमानुसार कार्यवाही हो तथा प्रतिदिनि इसकी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाए। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष से इसकी रेंडम चैकिंग की जाएगी तथा यदि किसी स्थान पर गतिविधि नहीं होना पाया गया, तो संबंधित चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहा कि घर-घर सर्वे प्रभावी तरीके से हो तथा सीएमएचओ सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें। फोगिंग और स्प्रे छिड़काव का कार्य भी सतत रूप से किया जाए।

शनिवार को होगा मेगा वैक्सीनेशन
जिला कलेक्टर मेहता ने बताया कि कोविड टीकाकरण अभियान में और गति लाई जाए। कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित नहीं रहे, इसी उद्देश्य के साथ शनिवार को आयोजित होने वाले मेगा वैक्सीनेशन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। निचले स्तर तक ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन हो। इसके लिए सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा यूपीएससी प्रभारियों को निर्देशित किया जाए।

उन्होंने जल जीवन मिशन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की प्रगति तथा 14 नवंबर से प्रारम्भ होने वाले मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य शिविरों की तैयारियों के बारे में जाना।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी सिद्धार्थ पलनिचामी, उपनिदेशक स्थानीय निकाय अलका विश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक शारदा चौधरी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएल मीणा, आरसीएचओ डॉ. राजेश गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार, जिला रसद अधिकारी भागूराम महला, महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक मेघारतन, ब्लॉक सीएमओ डॉ. लोकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।