15 वर्षीय बालिका को अश्लील मैसेज भेज रहा था कालकाजी मंदिर का 40 वर्षीय सेवादार….

नई दिल्ली पुलिस कार्रवाई

लड़की को अश्लील मैसेज भेज रहा था कालकाजी मंदिर का सेवादार, जानिए फिर क्या हुआ

नई दिल्ली, @dainikkhabraan। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कालकाजी मंदिर के 40 साल के एक सेवादार पर 15 साल की लड़की को अश्लील मैसेज भेजने का और मंदिर में आरती के दौरान गंदे इशारे करने का आरोप लगा है ।

पुलिस ने इस शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि अमर कॉलोनी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और 12 पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है ।

पुलिस के मुताबिक 15 वर्षीय किशोरी ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह अपने पिता के साथ रोजाना कालकाजी मंदिर जाती थी और मंदिर में एक सेवादार अमित (40) उससे पूजा के दौरान मिला था । इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी और उसने बहाने से लड़की का नंबर ले लिया । इसके बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया और वह अक्सर उसे घूरने लगा। लड़की ने कई बार उसकी इन हरकतों को नजरअंदाज कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इससे आरोपी का मनोबल और बढ़ता गया और उसने मंदिर में आरती के दौरान भी किशोरी को अश्लील इशारे किए और गंदे वॉट्सऐप मैसेज भी भेजने शुरू कर दिए ।

परिवार को बताया तो माफ़ी मांगी लेकिन नहीं माना
पीड़िता ने जब उसके माता-पिता से पूरी बात बताई तो उन लोगों ने इसका विरोध किया । बात बढ़ती देख आरोपी ने माफी मांग ली, लेकिन कुछ दिन बाद वह फिर से उसे परेशान करने लगा और धमकी देने लगा । पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लड़की की एक फोटो क्रॉप कर ली और उसे अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लगा दिया, जिसे सभी लोग देख सकते थे । पुलिस ने बताया कि वह सराय जुलेना का रहने वाला है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं ।