RAS भर्ती परीक्षा (प्री)-2021: बीकानेर सहित भरतपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग में बुधवार को बंद रहेगा इंटरनेट, जयपुर में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक के आदेश….

जयपुर देश बीकानेर राजस्थान राज्य

RAS भर्ती परीक्षा (प्री)-2021

RAS भर्ती परीक्षा (प्री)-2021: भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और अजमेर संभाग में बुधवार को बंद रहेगा इंटरनेट, जयपुर में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक के आदेश।

जयपुर/बीकानेर, @dainikkhabraan। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित RAS भर्ती परीक्षा (प्री) के दौरान बुधवार को जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और अजमेर संभाग में इंटरनेट बंद रहेगा। मंगलवार देर शाम को संभागीय आयुक्तों ने इंटरनेट बंद होने के आदेश जारी कर दिए गए। जोधपुर संभाग में सिर्फ बाड़मेर शहर में इंटरनेट बंद रहेगा।

वहीं, कोटा व उदयपुर संभाग में जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है। जयपुर शहर कमिश्नरेट के क्षेत्र में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसी तरह, दौसा जिले में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा।

अजमेर संभाग में संभागीय आयुक्त डॉ. वीना प्रधान ने अजमेर, नागौर और भीलवाड़ा जिले में 27 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बंद करने के आदेश जारी किए। परीक्षा के दौरान नकल रोकने, फेक न्यूज, दुर्घटना होने और पेपर लीक होने की अफवाहों से बचने के लिए यह फैसला लिया गया।

बीकानेर व भरतपुर संभाग में यह रहेगा इंटरनेट बंदी का समय

इसी तरह, बीकानेर संभाग के जिलों में बुधवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। यहां संभागीय आयुक्त भंवरलाल मेहरा ने आदेश जारी किए। बीकानेर संभाग में बीकानेर शहर, चुरू, श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिले आते हैं।

भरतपुर संभाग में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक इंटरनेट बंद रखने का फैसला लिया गया है। ये आदेश संभागीय आयुक्त पीसी बेरवाल ने जारी किए। भरतपुर संभाग में भरतपुर शहर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर जिले की सीमा शामिल होगी।

जोधपुर संभाग में सिर्फ बाड़मेर शहर व बालोतरा कस्बे में रहेगा इंटरनेट बंद

जोधपुर संभाग में संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने आदेश जारी कर बाड़मेर शहर और बालोतरा कस्बे से करीब 15 किलोमीटर की परिधि में बुधवार सुबह 5 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक इंटरनेट बंद रहने के आदेश जारी किए। संभाग के बाकी शहरों में इंटरनेट बंद नहीं रहेगा।