फेसबुक पर दोस्ती की, 17 वर्षीय छात्रा को भगाकर आगरा में किराए के कमरे में किया रेप…..

जयपुर पुलिस कार्रवाई

फेसबुक पर दोस्ती की, छात्रा को भगाकर आगरा ले गया; किराए के कमरे में किया रेप

जयपुर, @dainikkhabraan। जयपुर में रहने वाली 17 साल की छात्रा को भगाकर कर आगरा में रेप करने के मामले में गिरफ्तार युवक शिवम उर्फ शुभम 20 सितंबर तक रिमांड पर है। तीन दिन पहले नाहरगढ़ थाना पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी शिवम ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं।

एडिशनल डीसीपी धर्मेंद्र सागर ने बताया कि गिरफ्तार शिवम (20) मूल रुप से उत्तरप्रदेश के मुथरा जिले का रहने वाला है। वह आगरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

करीब चार-पांच महीने पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती जयपुर में रहने वाली 10वीं क्लास की छात्रा से हुई। दोस्ती के बाद लगातार चैटिंग होने लगी। एक दूसरे से मुलाकात करने का प्लान बना लिया।

गुगल मैप से पता तलाशा
शिवम पहले कभी जयपुर नहीं आया था। यहां लड़की का पता भी नहीं जानता था। ऐसे में शिवम ने गूगल मैप के जरिए छात्रा का पता तलाश किया। 15 जुलाई 2021 को आगरा से जयपुर पहुंचा। यहां 10वीं क्लास में पढ़ने वाली किशोरी से गणगौरी बाजार में शिवम की मुलाकात हुई। वह उसे भगाकर आगरा ले गया। शिवम ने कई दिनों तक किराए के कमरे में किशोरी को रखा। उससे रेप किया।

मंदिर में गुपचुप शादी कर ली, CCTV फुटेज व तकनीकी पड़ताल से आगरा पहुंची पुलिस
नाहरगढ़ थानाप्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि लापता किशोरी के परिजन ने अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। तब नाहरगढ़ थानाप्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई झाबरमल, कांस्टेबल मनोज यादव, संदीप सिंह, पृथ्वी और संजय की टीमों ने तकनीकी पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तब कुछ अहम सुराग मिले।

इसके बाद पुलिस ने आगरा पहुंचकर 10 अगस्त को छात्रा को बरामद कर लिया। लेकिन शिवम पुलिस के हाथ से निकल गया। उसकी तलाश में पुलिस टीम कई जगह दबिश देती रही।

आखिरकार, 15 सितंबर को फरार शिवम भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे आगरा से जयपुर लाकर पूछताछ की गई। छात्रा के मेडिकल मुआयना और बयान लिए गए। तब शिवम को गिरफ्तार कर नाहरगढ़ पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया।