बम धमाके का आरोपी बीकानेर संभाग से गिरफ्तार, 15 सितंबर को जलालाबाद में बाइक में विस्फोट कर पंजाब से भागे थे दो आरोपी
श्रीगंगानगर/रायसिंहनगर, @dainikkhabraan। पंजाब के जलालाबाद में चार दिन पहले 15 सितंबर को हुए बाइक विस्फोट के एक आरोपी को राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान और पंजाब पुलिस के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद एक आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ सुखा को पकड़ने में कामयाबी मिली है। धमाका करने के बाद पंजाब से भागे दो आरोपियों की लोकेशन श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर इलाके में आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार आधी रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस ने दो संदिग्ध बदमाशों के फोटो भी जारी किए। इन फोटो के सामने आने के बाद इलाके के लोग एक्टिव हुए। आरोपियों के रायसिंहनगर के बाजूवाला सलेमपुरा मार्ग पर होने का पुलिस को इनपुट मिला।
जिसके बाद रविवार की सुबह पुलिस ने सुखविंद्र उर्फ सुखा को गिरफ्तार कर लिया। यह युवक पंजाब के जलालाबाद में मोटरसाइकिल विस्फोट का आरोपी है। पूछताछ के बाद श्रीगंगानगर और पंजाब पुलिस ने इसकी पुष्टि कर दी है।
श्रीगंगानगर ASP बीएल मीणा ने रविवार सुबह बताया कि जलालाबाद में पंद्रह सितम्बर को हुए विस्फोट के एक आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ सुक्खा को पकड़ा गया है। यह जलालाबाद बाइक में विस्फोट का आरोपी रहा है। इस विस्फोट मामले के दो आरोपियों के रायसिंहनगर आने की सूचना मिली थी।
पुलिस को बाजूवाला-सलेमपुरा मार्ग से एक संदिग्ध को पकड़ने में कामयाबी मिली। उसके मोटरसाइकिल ब्लास्ट का आरोपी सुखविंद्रसिंह उर्फ सुक्खा होने की पुष्टि हुई है।

