जयपुर, @dainikkhabraan। पुजारी ने किया विवाहिता से दुष्कर्म किया। विवाह के चार साल बाद मंदिर में दर्शन करने आई महिला को हवन करने के बहाने रोका, रात 3 बजे नशीला पदार्थ खिलाकर रेप
शादी के चार साल बाद मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला की अस्मत लूटने वाले आरोपी पुजारी को जयपुर जिले में चंदवाजी थाना पुलिस ने गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने पति व पिता के साथ दर्शन करने आई 23 वर्षीया पीड़िता महिला को हवन के बहाने मंदिर में ही रोक लिया। इसके बाद आधी रात 3 बजे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया।
पुलिस से बचने के लिए पिछले चार दिन से फरार पुजारी विराट नगर मैड़ में पहाड़ियों में छिपा हुआ था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें सीकर जिले के रींगस, अलवर जिले के नारायणपुर, जयपुर जिले में शाहपुरा और मनोहरपुर में कई ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार सुबह 10 बजे फरार पुजारी को विराटनगर मैड़ की पहाड़ियों से धरदबोचा। पकड़ा गया आरोपी शादीशुदा है। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है।
जयपुर ग्रामीण एसपी शंकरदत्त शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोपाल जांगिड़ उर्फ मुकेश शर्मा (36) है। वह गांव जयचन्दपुरा थाना चन्दवाजी जिला जयपुर का रहने वाला है। वह अपने गांव जयचन्दपुरा में भैरूजी मन्दिर का पुजारी भी है। वह 23 वर्षीया पीड़िता महिला की ताईजी का रिश्ते में भाई लगता है। पीड़िता महिला सीकर की रहने वाली है। उसने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी चार साल पहले हुई थी। इसके बाद वह अपने पति और पिता के साथ 15 अगस्त, रविवार की शाम को जयचंदपुरा स्थित भैरूंजी के मन्दिर में शादी की जात देने गई थी।
एएसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पुजारी गोपाल जांगिड़ ने रात्रि में हवन के बहाने उन सभी को रात को मंदिर में ही रोक लिया। इसके बाद पुजारी गोपाल ने महिला के पति व पिता को गठवाड़ी चौराहे पर किसी काम के लिये भेज दिया। पीछे से महिला के अकेली होने पर रात करीब तीन बजे उसे नशीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद उससे दुष्कर्म किया। होश में आने पर उसने पीड़िता को बदनामी का डर दिखाकर चुप करवा दिया। इसके बाद अगले दिन सोमवार को अपनी कार में महिला, उसके पति और ससुर को खुद ही सीकर छोड़ने चले गया।
पीड़िता ने सीकर पहुंचते ही दुष्कर्म की बात पति व परिजनों को बता दी। इसके बाद हंगामा खड़ा होने पर पुजारी गोपाल जांगिड़ को पकड़ने का प्रयास किया तो वह कार छोड़कर ही भाग निकला। पीड़िता के परिजनों ने उद्योगनगर थाना पुलिस, सीकर को फोन कर लावारिस गाड़ी की सूचना दी। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया गया। तब जमवारामगढ़ सीओ लाखन सिंह, थानाप्रभारी जितेंद्र गंगवानी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने दबिश देकर गोपाल जांगिड़ को आज गिरफ्तार कर लिया।

