होटल के कमरे की छत गिरी, एक की मौत:कमरे की छत पर रखी थी पानी से भरी टंकी, ज्यादा वजन से पटि्टयां टूटकर गिरी, दो मजदूर मलबे में दबे, एक घायल…..

बीकानेर

होटल के कमरे की छत गिरी, एक की मौत:कमरे की छत पर रखी थी पानी से भरी टंकी, ज्यादा वजन से पटि्टयां टूटकर गिरी, दो मजदूर मलबे में दबे, एक घायल

नागौर शहर के विजय वल्लभ चौराहे के पास गुरुवार देर रात करीब 2 बजे होटल में बने कमरे की छत गिर गई। अचानक हुए इस हादसे में अंदर सो रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में एक की मौत हो गई, वहीं घायल मजदूर का नागौर स्थित JLN अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशकक्त कर मलबे को हटाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए JLN अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया है।

घटना गुरुवार देर रात करीब 2 बजे शहर के विजय वल्लभ चौराहे के पास राजलक्ष्मी होटल में हुई। होटल के पीछे बने एक कमरे की पट्टियां अचानक टूट कर गिर गई। हादसे में अंदर सो रहे होटल में काम करने वाले मजदूर राजू दास(40) व अणदाराम(23) मलबे में दब गए। मलबे की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही थोड़ी देर बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई।

पुलिस ने मलबे में दबे राजू दास व अणदाराम मेघवाल को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की सहायता से नागौर स्थित JLN अस्पताल पहुंचाया। जहां राजू दास को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल अणदाराम मेघवाल का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कमरे कि छत कमजोर थी। छत के ऊपर एक बड़ी और भारी टंकी रखी हुई थी। जिसमें पानी भरा हुआ था। अंदेशा है कि पानी के टंकी के वजन से ही छत की पट्टियां टूट गई और हादसा हुआ।

मृतक राजू दास की शिनाख्त होने के बाद उसके आधार कार्ड के पते पर कोई परिजन नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी मानसिक बिमार मां के साथ यहां रहता था। करीब 5 साल पहले उसकी मां को मृतक के मामा अपने साथ ले गए थे। अब उसके मामा और ननिहाल के संबंध में किसी को कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।