बीकानेर,@dainikkhabraan।हरियाणा के यमुनानगर में गांधीनगर थाना क्षेत्र की कालोनी में एक मकान में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि आरोपित कृष्ण ने उसे लोन दिलाने का झांसा दिया था।
जब वह उसके साथ अपनी सहेली के मकान पर गई, तो आरोपित ने उसके साथ गलत काम किया। बाद में जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। गांधीनगर थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कराया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, सदर जगाधरी थाना क्षेत्र के गांव निवासी 35 वर्षीय महिला का पति प्लाईवुड फैक्टरी में कार्य करता है। महिला के पास छह अगस्त को कृष्ण कुमार नाम के व्यक्ति का काल आया।
उसने कहा कि वह लोन दिलाने व रिश्ते कराने का कार्य करता है। वह दस लाख तक का लोन करा देगा। जिसमें से तीन लाख रुपये माफ हो जाएंगे। महिला उसकी बातों में आ गई। आरोपित से बात की और अपनी एक सहेली के बारे में भी बताया कि उसे भी पैसों की जरूरत है।
आठ अगस्त को फिर कृष्ण कुमार ने काल की और उसे कन्हैया चौक पर मिलने के लिए बुलाया। वह उससे मिलने गई। यहां से वह आरोपित कृष्ण कुमार के साथ अपनी सहेली के घर गांधीनगर थाना क्षेत्र की कालोनी में आ गई।जब वह अपनी सहेली के घर पहुंची, तो उसने पीने के लिए पानी दिया। इसके बाद वह कोल्डड्रिंक लेने के लिए बाहर चली गई।
आरोप है कि इस दौरान कृष्ण कुमार ने कमरे की कुंडी लगा ली और उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान सहेली की बहन व भाई आए और उन्होंने दरवाजा खटखटाया, तो आरोपित मौके से फरार हो गया।

