Rajsamand: महाराणा प्रताप के सेनापति रहे हकीम खां सूरी की मजार पर असामाजिक तत्वों ने की तोड़फोड़
राजसमंद, @dainikkhabraan। हल्दीघाटी के युद्ध में महाराणा प्रताप के सेनापति रहे हकीम खां सूरी की मजार पर सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आई। राजसमंद से डीएसपी बेनी प्रसाद मीणा, नाथद्वारा डीएसपी जितेंद्र आंचलिया सहित भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन ने मुस्लिम समुदाय की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत करवाई। एसपी सुधीर चौधरी ने खमनोर थाना प्रभारी कैलाश सिंह को लाइन अटैच भी कर दिया है। फिलहाल, उप निरीक्षक नवल किशोर को खमनोर थाना प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार घटना की सूचना पर खमनोर थाना प्रभारी कैलाशसिंह मय जत्थे के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। मगर तब तक बदमाश फरार हो गए थें। फिर रातभर असामाजिक तत्वों की तलाश में पुलिस जुटी रही, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। इस बीच कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर नाथद्वारा पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र आंचलिया व राजसमंद पुलिस उप अधीक्षक बेनीप्रसाद मीणा के साथ भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ खमनोर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही अल सुबह ही पुलिस ने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत करवा दिया हैं।
घटना के बाद हरकत में आए जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने खमनोर थाना प्रभारी कैलाशसिंह को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही उप निरीक्षक नवलकिशोर को खमनोर थाने की कमान सौंपी है, जो पहले देलवाड़ा थानेदार रह चुके हैं। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों पर सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चाएं चल रही थी जिन को लेकर थाना अधिकारी को जानकारी दे दी गई थीं। उसके बावजूद भी ऐसी घटना घटित हो गई इस पर थानाधिकारी को हटा दिया गया है।

