धरने में देश विरोधी नारे लगाए गए, देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग
आगरा, @dainikkhabraan। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सदर तहसील में चल रहे एक दिवसीय धरने के दौरान सारी हदें पार कर दी। कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है जिसमें सपा के कार्यकर्ता पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि सपा के पदाधिकारी इस वीडियो को लेकर ज्यादा कुछ नहीं बोल रहे हैं। इस बीच हिन्दूवादी संगठन ने वीडियो की जांच कराकर उसमें शामिल लोगों पर देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आगरा में एक दिवसीय धरने के दौरान शहर अध्यक्ष वाजिद निसार के सामने ही पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। इस सम्बन्ध में जब वाजिद निसार से बात का प्रयास किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
सपा के मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता ने पहले तो इस प्रकरण को गलत बताया पर वीडियो देखने के बाद उन्होंने आलाकमान से बात कर जवाब देने की बात कही। वहीं हिन्दू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अमित चौधरी ने इसे घृणित बताते हुए कल देशद्रोह मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर देने की बात कही है।

