सुजानगढ़/बीकानेर, @dainikkhabraan। यूथ कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश कोऑर्डिनेटर ऋषि कुमार व्यास ने शुक्रवार को सुजानगढ़ उप चुनाव क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया। सुजानगढ़ पहुंचे व्यास ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और अगले एक सप्ताह में सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की रीति नीति को जन जन तक पहुंचाने और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में सघन प्रचार प्रसार करने की बात कही।
व्यास ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले ढाई वर्षो में गांव और गरीब के उत्थान के लिए अनेक काम किए हैं। इसकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। साथ ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित आमजन के हितों पर किए गए कुठाराघात से भी मतदाताओं को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में बेहतरीन कोविड पर बंधन किया गया। राजस्थान के गहलोत मॉडल को पूरे देश में सराहना मिली।
प्रदेश के प्रत्येक परिवार को पांच लाख तक की स्वास्थ्य बीमा का लाभ उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की जा रही है। यह अपने आप में ऐतिहासिक योजना है। उन्होंने कहा कि आम मतदाता भारतीय जनता पार्टी की कुनीतियों और कुप्रबंधन को पहचान चुका है तथा सुजानगढ़ सहित प्रदेश के तीनों उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त मिलेगीऔर कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कहा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा साथी इसे समझे तथा कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में अपनी भागीदारी निभाएं। इस दौरान यूथ कांग्रेस सोशल मीडिया के को-कोऑर्डिनेटर राहुल व्यास, सरजीत सिंह और मुकेश रामावत भी साथ रहे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय युवक कांग्रेस ने गत दिनों ऋषि कुमार व्यास को सुजानगढ़ में होने वाले उपचुनाव के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रभारी नियुक्त किया था। व्यास अगले 1 सप्ताह तक सुजानगढ़ में ही रहेंगे तथा कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मेघवाल के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

