बीकानेर, @dainikkhabraan। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ के तत्वावधान में 1 से 4 अप्रैल तक निपुण रोवर रेंजर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजीव गांधी मार्ग स्थित स्थानीय संघ कार्यालय परिसर में किया गया।
इसमें बीकानेर परिक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 15 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के रोवर रेंजर ने भाग लिया। निपुण प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंडल प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. उमाकांत गुप्त ने किया। शिविर में रोवर स्काउटिंग, रेंजर गाइड, विधाओं के विभिन्न विषयों पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण दिया गया।
इनमें स्काउट गाइड, नियम, प्रतिज्ञा, संगठन का इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज, स्काउट गाइड ध्वज, शिष्टाचार, प्राथमिक चिकित्सा, अनुमान लगाना, आदर्श वाक्य, निपुण से राष्ट्रपति पुरस्कार तक के पाठ्यक्रम की जानकारी, दस्तावेज, प्रार्थना, झंडा गीत, सामूहिक गीत, देशभक्ति गीत, पर्यावरण जागरूकता, निनाद, कैंप फायर, रात्रि गीत, शिविर जीवन, उपराष्ट्रपति प्रतियोगिता आदि का प्रशिक्षण दिया गया। स्काउट गाइड की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ विमला मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रही।
वहीं अध्यक्षता मंडल सचिव देव आनंद पुरोहित ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मान महेंद्र सिंह भाटी, संतोष निर्माण मौजूद रहे। वहीं खुशाल व्यास और अशोक माली ने भी विचार व्यक्त किए। मंडल चीफ कमिश्नर डॉ विजय शंकर आचार्य ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।
डॉक्टर मंजू नांगल द्वारा महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकार विषय पर व्याख्यान दिए गए। शिविर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएं, मौन प्रार्थना, भजन, शांति पाठ आदि का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के प्रशिक्षण दल में सीओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित और सीओ गाइड ज्योति महात्मा, संयुक्त सचिव चंचल चौधरी, रोवर लीडर विमल स्वामी, रेंजर लीडर दीपिका पॉल, गाइडर इला पारीक और सर्विस रोवर में भोलाराम, हर्षित स्वामी ने विभिन्न प्रशिक्षण दिए। शिविर का संचालन एलटी रेंजर धनवंती बिश्नोई तथा डॉ उमाकांत गुप्ता ने किया। शिविर का निर्देशन स्थानीय संघ के सचिव घनश्याम स्वामी द्वारा किया गया।

