3 साल से विधवा को पत्नी बताकर लिव इन में रह रहा था युवक, आपस के झगडे में खुद को आग लगाकर दी जान….

कोटा चिकित्सा देश

3 साल से विधवा को पत्नी बताकर लिव इन में रह रहा था युवक, आपस के झगडे में खुद को आग लगाकर दी जान

कोटा, @dainikkhabraan। कोटा के श्रीनाथपुरम इलाके में चार दिन पहले एक युवक के खुद को आग लगाने के मामले में नए खुलासे हुए हैं। वह पिछले 3 साल से ममता नाम की विधवा महिला के साथ लिव इन में रह रहा था। दोनों पुलिसकर्मी के मकान में किराए से रहते थे। महिला की पहले दो बार शादी हो चुकी थी। उसके दोनों पति की मौत हो चुकी है।

युवक 29 वर्षीय महिला को अपनी पत्नी बताता था। वह अक्सर मकान खाली करने की बात कहता था, लेकिन महिला मना कर देती थी। रिश्तेदारों के मुताबिक शुक्रवार को दोनों के बीच मकान खाली करने की बात को लेकर झगड़ा हुआ। फिर उसने घर के बाहर आकर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई।

पंकज वैष्णव (26) मूलरूप से सवाई माधोपुर का रहने वाला था। परिवार में इकलौता था। माता-पिता की मौत के बाद वो चाचा-चाची के पास रहता था। सीमेंट की गाड़ियां खाली करने का काम करता था। महिला के साथ रहने के बाद उसने चाचा-चाची के यहां आना जाना बंद कर दिया था। चाचा-चाची को भी उसके लिव इन में रहने का पता नहीं था। पंकज और ममता की बेटी होने के बाद परिवार वालों को पता लगा।

ममता का तीसरा पति था पंकज
पंकज की मौत के बाद से परिजन डर से सहमे हुए हैं। उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों को ममता के परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। परिजनों ने इतना बताया कि ममता की दो बार शादी हो चुकी है। उससे एक बेटी भी है। पंकज उसका तीसरा पति था। पंकज और उसकी एक बेटी है। ममता के दोनों पति की मौत हो चुकी है। पहले पति के मौत का कारण पता नहीं, लेकिन दूसरे पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। अब पंकज ने खुद को आग लगा ली।

पेट्रोल कहां से लाया?
परिजनों को पंकज की मौत पर शंका है। परिजनों का कहना है कि पंकज मजदूरी का काम करता था। उसके पास बाइक नहीं थी। ममता से झगड़ा होने के बाद वो घर से निकला था। ये समझ नहीं आ रहा वो पेट्रोल कहां से लेकर आया। परिजनों का यहां तक कहना है कि उसके साथ किसी के द्वारा मारपीट की जाती थी। हालांकि परिजनों ने अभी तक पुलिस में शिकायत नहीं दी है