स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़,12वीं की मार्कशीट लेने गई स्टूडेंट को टीचर ने किए गलत इशारे, हाथ पकड़कर गलत तरीके से भी छुआ
जालौर, @dainikkhabraan। जिले के करड़ा थाना क्षेत्र में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ गंदी हरकत करने का मामला सामने आया है। दरअसल 12वीं कक्षा पास करने के बाद छात्रा 30 सितंबर को स्कूल में मार्कशीट समेत अन्य दस्तावेज लेने पहुंची थी।
इस दौरान स्कूल में टीचर सुनील कुमार ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने करड़ा थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाधिकारी अवधेश सांदू ने बताया कि पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बी ढाणी, करवाड़ा से 12वीं कक्षा पास की। 30 सितंबर को वह 12वीं की मार्कशीट, टीसी, माइग्रेशन सर्टिफिकेट एवं चरित्र प्रमाण पत्र लेने के अपने स्कूल प्रिंसिपल के पास गई।
प्रिंसिपल को प्रार्थना पत्र देने के बाद परीक्षा प्रभारी वरिष्ठ अध्यापक सुनिल कुमार के पास मार्कशीट लेने गई। इस दौरान उन्होंने मार्कशीट देने के बहाने अलमारी पीछे बुलाकर गलत इशारे किए और पहनावे पर गलत बातें कही।
पीड़िता छात्रा ने आरोप लगाया है कि टीचर ने साइन गलत होने की बात कहकर दोबारा स्कूल बुलाया। इसके बाद कहा कि साइन करना सिखाता हूं और मुझे अपने पास अलमारी के पीछे बुलाया। वहां रजिस्टर में जगह बताकर बोले यहां अपने साइन करो।
इस दौरान हाथ पकड़कर गलत तरीके से छूते हुए धीमी आवाज में मुझसे दोस्ती करने एवं भविष्य में लगातार संपर्क में रहकर संबंध बनाने की बात कही। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

