11 माह की कोशिश के बाद आखिरकार पुलिस ने धरदबोचा, पुलिस को लगातार दें रहा था चकमा…..

देश पुलिस कार्रवाई बिहार राज्य

11 माह की कोशिश के बाद आखिरकार पुलिस ने धरदबोचा, पुलिस को लगातार दें रहा था चकमा…..

पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।

पटना, @Dainikkhabraan। झारखंड से बिहार में शराब की आपूर्ति करने वाले माफिया अनिल सिंह को आखिरकार बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब 11 महीने की कोशिश के बाद उसे दिल्ली के पांच सितारा होटल से गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।

झारखंड में भी उसे पकड़ने की कोशिश की गई थी पर अपनी पहुंच की बदौलत वह बिहार पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। अनिल सिंह बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी का रहनेवाला है। बालीडीह के बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में श्रीओम बोट्र्ल्स एंड ब्लेन्डर्स के नाम से उसकी विदेशी शराब की फैक्ट्री है। इसी की आड़ में वह बिहार में अवैध शराब की सप्लाई करता था।

जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से बरामद शराब की जांच के दौरान पहली बार इसका नाम सामने आया। तब बिहार पुलिस ने बालीडीह स्थित फैक्ट्री में छापा मारा था, जहां से बगैर बैच के लगभग सवा लाख लीटर नकली शराब बरामद हुआ था। तब उसकी फैक्ट्री भी सील की गई थी। हालांकि बाद में उसने अपने रसूख का इस्तेमाल कर इसे दोबारा शुरू कर लिया।

झारखंड में उसे गिरफ्तार करने की कई दफे कोशिश की गई लेकिन वह हाथ नहीं आया।

सूत्र बताते हैं कि वह अपनी पहुंच के जरिए बिहार पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाता था। पर पुलिस ने हार नहीं मानी। इसी बीच अनिल सिंह के एक समारोह में दिल्ली जाने की सूचना पर मद्यनिषेध इकाई की टीम ने उसे वहीं दबोचने का प्लान बनाया। पांच सितारा होटल में उसकी मौजूदगी की सटीक जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को उक्त होटल में छापेमारी की गई, जिसमें वह मद्यनिषेध टीम के हत्थे चढ़ गया।

इस दौरान उसके पास अच्छी खासी नकद राशि भी मिली। अनिल सिंह पर बिहार में शराब की तस्करी से जुड़े 6 मामले दर्ज हैं।

पटना के अलावा नवगछिया, जमुई, बांका और मुजफ्फरपुर के थानों में दर्ज मामलों में इसकी तलाश थी। झारखंड के बालीडीह और बगोदर थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत इसपर प्राथमिकी दर्ज है। इस वर्ष मद्यनिषेध इकाई द्वारा राज्य के बाहर से यह 14वीं गिरफ्तारी है।