बीकानेर,@दैनिक खबरां।श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव डेलवां के ग्रामीण कभी पीने के पानी तो कभी सड़क के लिए संघर्ष करते नजर आते है और आज यहां 12वीं तक कि शिक्षा गांव में ही प्राप्त करने की मांग को लेकर सैंकड़ो छात्राओं की अगुवाई में छात्र भी हड़ताल पर बैठ गए है।
स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया और बाहर बैठे विद्यार्थी स्कूल को 10वीं से 12वीं तक स्कूल की मांग कर रहें है। नवनिर्मित ग्राम पंचायत डेलवां में 11वीं व 12वीं पढ़ने 5 किलोमीटर दूर गुसाईंसर बड़ा जाने वाली छात्राओं की अगुवाई में विद्यालय के करीब 350 विद्यार्थी हड़ताल पर बैठे है।
प्रधानाचार्य भागीरथ गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार की योजना अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर 12वीं तक विद्यालय के नियमानुसार पूर्व में ही एसएमसी से प्रस्ताव विभाग को भिजवा दिया गया है। गोदारा ने बताया कि गेट पर तालाबंदी की सूचना लिखित में अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। यहां आज सुबह से स्कूल का 12 शिक्षकों का स्टॉफ स्कूल के बाहर खड़ा है और समझाईश कर रहा है परन्तु गांव के सभी विद्यार्थी तुरन्त मान्यता देने की मांग पर अड़े है।
सीबीईओ धर्माराम ने बताया कि ग्राम पंचायत इस संबंध में प्रस्ताव बना कर संबंधित विधायक को दे व जनप्रतिनिधि सरकार से मांग कर सकते है। विभागीय स्तर पर हम नियमानुसार कार्रवाई कर रहें है तथा विद्यार्थियों से समझाईश की जा रही है।
गांव के युवा भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ है और सुनवाई करने की मांग कर रहें है।

