युवक ने खाया चूहे मारने वाला जहर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, दोस्त बोले- शराब के नशे में खा लिया पॉयजन
चूरू, @dainikkhabraan। बीकानेर संभाग के चूरू जिले के सदर थाना के गांव गाजसर में गुरुवार को रेट पॉयजन खाने से एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। परिजन युवक को लेकर राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल पहुंचे, जहां एमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल चौकी की कांस्टेबल अनिता ने बताया कि गाजसर निवासी राकेश कुमार (23) पुत्र रावताराम गांव में एक किराने की दुकान पर बैठा था। यहां उसने चूहों को मारने वाला जहर खा लिया। जिससे दुकान पर ही उसकी तबीयत बिगड़ गई।
दुकानदार ने राकेश के दोस्तों और परिजनों को जानकारी दी। इस पर वह दुकान पर पहुंचे और निजी गाड़ी से अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे। जहां उसका इलाज चल रहा है।
युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आए दोस्तों ने बताया कि राकेश शराब पीता है और शराब के नशे में ही उसने रेट पॉयजन खा लिया था। दो भाइयों में राकेश बड़ा है और वह मजदूरी का काम करता है। उसका छोटा भाई पढ़ाई करता है।
अस्पताल में युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। इसको लेकर फिलहाल कोई मामला पुलिस थाने में दर्ज नहीं हुआ है।

