राजस्थान में FIR के लिए बिलासपुर IG को करना पड़ा ट्वीट, युवक की शिकायत पर FIR नहीं, मामा IG निकले, ट्वीट पर पुलिस ने बाइक भी ढूंढ निकाली….

देश नागौर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

FIR के लिए बिलासपुर IG को करना पड़ा ट्वीट, युवक की शिकायत पर FIR नहीं, मामा IG निकले, ट्वीट पर पुलिस ने बाइक भी ढूंढ निकाली….

नागौर, @dainikkhabraan। नागौर के कुचामन में एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद उसकी 24 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं की गई। जब भी थाने में बाइक चोरी की शिकायत लेकर जाता पुलिस वाले यह कहकर टाल देते कि मामला दर्ज कर लेंगे। आखिर परेशान युवक ने अपनी एप्लीकेशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तैनात अपने IG मामा को भेजी। जब उन्हें पता चला कि 24 घंटे बाद भी पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है तो वे भी हैरान हो गए। बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी ने सोमवार को एप्लीकेशन के साथ ट्वीट किया और कार्रवाई के लिए कहा। इधर, ट्वीट जैसे ही नागौर पुलिस तक पहुंचा अधिकारी हरकत में आ गए। पुलिस को पता लगा कि बिलासपुर आईजी युवक के मामा है। इस पर पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया और सोमवार शाम तक युवक को बाइक भी ढूंढ कर दे दी।

कुचामन निवासी नीरज पुत्र सम्पतराज मेघवाल (21) ने बताया कि शनिवार देर रात उसके घर के बाहर खड़ी नई बाइक चोरी हो गई। वारदात के वक्त वो घर क सभी लोग सो रहे थे। आधी रात जब नींद खुली और बाहर देखा तो बाइक नहीं थी। इधर-उधर खूब तलाश की पर बाइक कहीं नहीं मिली तो कुचामन पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने सोमवार तक बाइक चोरी का मामला ही दर्ज नहीं किया। परेशान होकर उसने छत्तीसगढ़ प्रदेश के बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी को जानकारी दी। नीरज ने बताया कि आईजी डांगी उसके रिश्ते में मामा लगते हैं।

सामान्य युवक समझकर टालते रहे, आईजी से रिश्तेदारी के बाद बाइक ढूंढ निकाली

बाइक चोरी होने के बाद पीड़ित सामान्य युवक की तरह थाने में शिकायत देने गया। लेकिन पुलिस उसे हमेशा की तरह टालती रही। युवक ने बताया भी उसकी बाइक चोरी हो गई। लेकिन उसे यह कहकर वहां से रवाना कर दिया कि एफआईआर कर लेंगे। लेकिन जब ट्वीट के बाद यह पता चला कि युवक आईजी का रिश्तेदार है और वे उसके मामा लगते हैं तो नागौर पुलिस हरक में आ गई। कार्रवाई करते हुए बाइक भी बरामद कर ली। अब पुलिस दावा कर रही है कि आरोपी भी जल्द पकड़ में आ जाएगा।

आईजी डांगी ने ट्वीट कर लिखा: सुबह तक FIR दर्ज नहीं बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी को जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत ही नागौर पुलिस को टैग करते हुए नीरज की बाइक चोरी की एप्लिकेशन को ट्वीट कर दिया। इस दौरान उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘मुझे नई बाइक चोरी को लेकर कुचामन शहर पुलिस स्टेशन से जुड़ी ये एप्लिकेशन मिली है। मामले में फरियादी FIR दर्ज कराना चाह रहा है, लेकिन आज सुबह तक FIR ही दर्ज नहीं की गई है। मामले में उचित कार्रवाई की मांग है।

IG रतनलाल डांगी के ट्वीट के बाद जिला पुलिस और कुचामन पुलिस कुछ एक्शन उठाती उससे पहले ही राजस्थान पुलिस हेल्प डेस्क ने ट्वीट कर मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दे दिए। आनन-फानन में कुचामन पुलिस स्टेशन पर FIR दर्ज कर ली गई। ट्वीटर पर ही IG रतनलाल डांगी को इसकी जानकारी भी दे दी गई।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल: रिश्तेदारी निकली इसलिए कार्रवाई, नहीं तो चक्कर काटता
इस मामले के बाद पुलिस कार्य शैली पर भी सवाल उठे हैं। पीड़ित जब सामान्य युवक बनकर गया तो पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। 24 घंटे तक मामला दर्ज नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही रिश्तेदारी निकली पुलिस ने बाइक भी ढूंढ निकाली। वहीं नागौर में लगातार बाइक चोरी की घटना हो रही है लेकिन पुलिस एक का भी सुराग नहीं लगा सकी। हाल ही में एसपी ऑफिस से एक बाइक चोरी का मामला सामने आया था। इसके बाद भी पुलिस न बाइक बरामद कर सकी और न ही आरोपी तक पहुंच पाई।

चोरी की बाइक भी मिल गई
इधर शाम होते-होते नीरज को दो दिन पहले चोरी हुई बाइक अपने घर की अगली गली में ही सही सलामत मिल गई। नीरज ने दैनिक भास्कर को बताया कि कुचामन थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के थोड़ी देर बाद ही उसे बाइक मिल गई।