राजस्थान में सर्दी के बीच बारिश से बढ़ी ठंड:चूरू में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंचा; पूर्वी राजस्थान में तीन दिन बारिश की चेतावनी
चूरू/बीकानेर, @dainikkhabraan। राजस्थान में धीरे-धीरे अब सर्दी बढ़ने लगी है। इस बीच गुरुवार को कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। राज्य में सबसे कम तापमान चूरू में है, जहां पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। उदयपुर के झाड़ोली में 28 MM बारिश हुई। वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर चल रहा है। अगले तीन दिन तक पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश के आसार हैं।

पश्चिमी राजस्थान में सबसे पहले तेज सर्दी दस्तक देती है, यहां चूरू में पारे में गिरावट आई है। श्रीगंगानगर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। जबकि हनुमानगढ़ में 7.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है। जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, पाली में तापमान में खास गिरावट नहीं आई है। यहां पिछले कुछ दिनों की तुलना में रात का पारा घटने के बजाय बढ़ा है।पिछले 24 घंटों में उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश झाड़ोल उदयपुर में 28 एमएम दर्ज हुई है।
पूर्वी राजस्थान में बारिश
पिछले 24 घंटों में उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश झाड़ोल उदयपुर में 28 एमएम दर्ज हुई है। मौसम विभाग की मानें तो 18 से 20 नवंबर तक पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। उदयपुर से इसकी शुरुआत हो चुकी है। अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, टोंक, उदयपुर, सिरोही में बारिश के आसार हैं।उदयपुर में बारिश के बाद छाया कोहरा।

यहां तापमान में ज्यादा परिवर्तन
राज्य के अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, जयपुर, सीकर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बाड़मेर, पाली, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर में तापमान में सामान्य से एक से पांच डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। खास बात ये है कि ये अंतर अधिकतम तापमान में आया है।
4-5 दिन बाद एक बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिक प्रो. एनएस राठौड़ ने बताया कि पिछले दो दिनों में बंगाल की खाड़ी में हुए लो प्रेशर के कारण तमिलनाडु और आंध्र में भारी बारिश का असर आने वाले चार-पांच दिनों बाद राजस्थान में भी देखने को मिलेगा। 4-5 दिनों बाद एक बार फिर दक्षिणी राजस्थान में बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि यह मावठ की पहली बारिश है, जिसके चलते किसानों को बहुत फायदा होगा। शुक्रवार दोपहर तक इस बारिश का असर रहेगा। इसके चलते इस वर्ष रबी की फसल भी अच्छी होने की उम्मीद है।

