राजस्थान: ओमिक्रॉन के 4 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट 2 दिन में: सबसे खतरनाक वैरिएंट से निपटने की तैयारी; RUHS में 60 ऑक्सीजन, 20 ICU बेड रिजर्व….

चिकित्सा राजस्थान राज्य

ओमिक्रॉन के 4 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट 2 दिन में: सबसे खतरनाक वैरिएंट से निपटने की तैयारी; RUHS में 60 ऑक्सीजन, 20 ICU बेड रिजर्व

राजस्थान में ओमिक्रॉन वैरिएंट के 4 संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप की स्थिति बन गई है। इन मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट दो दिन में आ सकती है। इस बीच, मेडिकल डिपार्टमेंट ने कोरोना वायरस के सबसे खतरनाक वैरिएंट से लड़ने के लिए जयपुर में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए राज्य के सबसे बड़े डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल राजस्थान स्वास्थ्य एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) में अलग से डेडिकेटेड वार्ड बनाया है। क्रिटिकल मरीजों के लिए आईसीयू बेड भी रिजर्व किए गए हैं।

हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि जिन चार संदिग्ध मरीजों को आरयूएचएस में कल भर्ती किया है उनका स्वास्थ्य सामान्य है। इनमें कोविड के किसी भी तरह के लक्षण नजर नहीं आ रहे है। इन सभी मरीजों की सभी जांच करवा दी गई है। अब इनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए भेजे गए है। उनकी रिपोर्ट आना बाकी है।

60 बेड का डेडिकेटेड फ्लोर रिजर्व
9 मंजिला RUHS हॉस्पिटल में 5वें फ्लोर को ओमिक्रॉन संदिग्ध मरीजों या पॉजिटिव मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया है। इस फ्लोर पर 60 हाई फ्लो ऑक्सीजन के जनरल बेड हैं। इसके अलावा तीसरे फ्लोर पर बने आईसीयू सेक्शन में 20 बेड की एक यूनिट को भी ओमिक्रॉन मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया है।

10 मरीज पूरे हॉस्पिटल में भर्ती
डॉ. अजीत ने बताया कि वर्तमान में पूरे हॉस्पिटल में 28 मरीज अभी भर्ती हैं, इसमें 10 मरीज कोविड, जबकि 18 मरीज डेंगू व अन्य दूसरी बीमारियों के हैं। कोविड के सभी 10 मरीज जनरल बेड पर हैं। किसी को भी ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि जो मरीज भर्ती हैं, उनमें 4 तो ओमिक्रॉन के संदिग्ध हैं। 6 मरीज सामान्य हैं, उन्हें एक या दो दिन में छुट्‌टी दे दी जाएगी।