रंग-राजस्थान थिएटर फेस्टिवल में गूंजेंगे बीकानेर के पं. संतोष जोशी के स्वर, एकल शास्त्रीय गायन की देंगे प्रस्तुति….
बीकानेर, @Dainikkhabraan। कला संस्कृति और पुरातत्व विभाग की ओर से 20 से 27 मार्च तक जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित होने वाले रंग-राजस्थान थिएटर और आर्ट फेस्टिवल में बीकानेर के पंडित संतोष जोशी भी एकल शास्त्रीय गायन की अपनी प्रस्तुति देंगे। पंडित जोशी इससे पहले भी भारत के अनेक मंचों पर अपनी शास्त्रीय गायकी से बीकानेर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। रंग-राजस्थान फेस्टिवल में प्रतिदिन देश भर से आये नाट्य दलों द्वारा नाट्य मंचन सहित शास्त्रीय और लोक रंग से जुड़ी हुई प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी फेस्टिवल में सिनेमा और रंगमंच के प्रसिद्ध कलाकार पीयूष मिश्रा सहित इंडियन आइडल फेम गायक सवाई भट्ट भी अपने गीतों की प्रस्तुतियां देंगे।
भातखंडे संगीत विद्यापीठ से संगीत विशारद एवं इंदिरा कला विश्विद्यालय से संगीत गायन में स्नातकोत्तर पंडित जोशी रेडियो आकाशवाणी द्वारा बी उच्च श्रेणी में अनुमोदित कलाकार भी हैं।
जोशी की गायन शैली में रागदारी की शुद्धता और तानों की विविधता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। जोशी की प्रारंभिक शिक्षा तबला वादन से हुई, जो कि इनके पिताजी शिवनारायण जी और बड़े भाई परमानन्द जी ने शिक्षा दी।
पंडित जोशी हवाइन गिटार में भी सिद्धहस्त हैं। आगे चलकर आपने ख्याल गायकी को अपनाया। इस प्रकार आपके गायन में गिटार और तबले के प्रभाव से नये घराने (जोशी घराना) का जन्म हुआ। इस एकल प्रस्तुति में हारमोनियम पर राजेन्द्र प्रसाद बेनर्जी, तबले पर भानु प्रताप जोशी और तानपुरे पर शची व्यास संगत करेगी।

