12वीं का छात्र धमकाता-पीटता था, दसवीं के छात्र ने लगा लिया फंदा घर से रस्सी लेकर निकला, पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
सलूंबर/उदयपुर, @dainikkhabraan। थाना क्षेत्र के धावड़ी मगरी थड़ा गांव में 4 दिन पूर्व छात्र के आत्महत्या करने के मामले में शनिवार को पुलिस ने भाई की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि मृतक का एक सहपाठी उसे पीटता-धमकाता था, जिससे आहत होकर उसने जान दी।
थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढ़ा ने बताया कि थाना क्षेत्र के धावड़ी मगरी थड़ा गांव में 4 दिन पहले छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने शनिवार को मृतक के बड़े भाई भैरुलाल पुत्र शंकर मीणा की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया।
आरोप लगाया गया कि मृतक का एक सहपाठी आए दिन मृतक हेमराज के साथ मारपीट करता, धमकाता था। घटना के दिन पंचायत भवन थड़ा के पास हेमराज के साथ मारपीट हुई थी। प्रार्थी ने अपने भाई को मानसिक रूप से परेशान करने, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि चार दिन पहले हेमराज (15) पुत्र शंकर मीणा ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। बड़े भाई ने बताया कि शव के पास सुसाइड नोट मिला, जो पुलिस को सौंपा गया। मृतक दसवीं व आरोपी बारहवीं का छात्र है।
गींगला. जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र के चांसदा गांव में एक युवक का शव अपने ही खेत के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। पुलिस के अनुसार चांसदा निवासी पुष्कर लाल (२०) पुत्र भूरी लाल मीणा सुबह उठने के बाद घर पर ही था। परिजनों के नवरात्रि विसर्जन के लिए निकलने के बाद काफी देर तक तो घर के आसपास घूम रहा था। बाद में रस्सी लेकर घर से निकल गया। बाद में उसका शव समीप ही खेत में कुंए के पास पेड़ पर फंदे पर लटका मिला।
दोपहर बाद जब परिजन घर आए तो वह नहीं मिला। तलाश करने पर खेत पर उसका शव मिला। सूचना कुराबड़ थाना पुलिस के बेसकेम्प चौकी प्रभारी गंगाराम डांगी व उनकी टीम मौके पर पहुंची। शव को कुराबड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

