बेटी ने चाय नहीं बनाई, पिता ने पैर बांधकर पीटा: बोली- गेहूं साफ करने लगी, मां की मौत के बाद घर का काम करती थी….

करौली पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

बेटी ने चाय नहीं बनाई, पिता ने पैर बांधकर पीटा:बोली- गेहूं साफ करने लगी, मां की मौत के बाद घर का काम करती थी

करौली/हिण्डौनसिटी, @दैनिक खबरां। एक पिता ने अपनी 13 साल की बेटी की सिर्फ इसलिए छड़ी से पिटाई कर दी, क्योंकि उसे चाय से ज्यादा पिता के पेट की चिंता थी। दरअसल, पिता ने बेटी को चाय बनाने के लिए कहा था और आटा खत्म होने की वजह से बेटी इस चिंता में गेहूं साफ करने लगी कि रोटी कैसे बनेगी? वह चाय बनाना भूल गई। इस बात पर पिता को इतना गुस्सा आया कि पहले उसके पैर बांधे और फिर छड़ी से जमकर पिटाई कर दी। करौली जिले के हिंडौन सिटी पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली के थाना प्रभारी वीर सिंह गुर्जर ने बताया कि शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर एक छोटी बच्ची के पैर बांधकर छड़ी से पिटाई करने का वीडियो सामने आया था। जांच की तो पता चला कि यह वीडियो खरैटा रोड का है। पुलिस बच्ची के घर पहुंची और बयान लिया। बच्ची के बयान के आधार पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

दस साल पहले मां की मौत, घर का काम संभालती है

बच्ची ने बताया कि वह 13 साल की है और 8वीं में पढ़ती है। 10 साल पहले मां की मौत के बाद बहन के साथ घर का काम-काज संभालती है। आटा खत्म होने पर गेहूं साफ करने लगी और चाय बनाना भूल गई। इस पर पिता ने बहुत गुस्सा किया। छड़ी से पिटाई कर दोनों पैर बांध दिए। बच्ची ने बताया कि रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में रहने वाले चाचा और दादी आ गए। दादी ने पिता को रोका तो, घर का मामला होने का कहकर दूर कर दिया। चाचा ने पिटाई का वीडियो बनाया।

थाना प्रभारी बोले- नियमानुसार होगी कार्रवाई
पुलिस ने चाचा से पूछताछ की तो उसने बताया कि वीडियो अपनी बहन को भेजा था। उसी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया पिता बकरियां चराने का काम करता है। उसका एक बेटा और 2 बेटियां है। बच्ची के बयान के बाद उसे पकड़ा है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।