बीजेपी नेता बोले: आज पुलिस दिवस पर वर्दी का सम्मान, वरना 2 मिनट में स्थिति खराब कर देते….

राजस्थान राज्य

पुलिसकर्मी ने युवक को डंडा मारा, विवाद : बीजेपी नेता बोले- आज पुलिस दिवस पर वर्दी का सम्मान, वरना 2 मिनट में स्थिति खराब कर देते

झालावाड़, @dainikkhabraan। झालावाड़ जिले में इन दिनों पुलिस की कार्यशैली लगातार विवादों में आ रही है। गुरुवार को झालावाड़ के मिनी सचिवालय स्थित कलेक्ट्रेट के बाहर ट्रैफिक पुलिस के जवान ने हेलमेट जांच अभियान के दौरान एक बाइक सवार युवक के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह घायल हो गया।

मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली को लेकर जमकर रोष जताया। इस दौरान झालावाड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन धाभाई ने कोतवाली सीआई को जमकर खरी-खोटी सुनाई और कहा कि आज पुलिस दिवस है, इसलिए वर्दी का सम्मान कर रहे है, वरना 2 मिनट में स्थिति खराब कर देते। मौके पर हंगामा बढ़ता देख शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और भाजपा नेताओं को शांत करवाया।

झालावाड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन धाभाई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के दो कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर शहर के मिनी सचिवालय के सामने से गुजर रहे थे। इस दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार ने थोड़ा आगे जाकर बाइक रोकी।

इसी दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बाइक सवार युवक के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वो चोटिल हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उधर सूचना मिलने पर कोतवाली सीआई बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे और भाजयुमो कार्यकर्ताओं से समझाइश कर मामले को शांत करवाया। सीआई ने पुलिसकर्मियों को आगे से नियमानुसार ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीआई बलवीर सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान बुलेट सवार दो व्यक्ति बिना हेलमेट के निकले, जिन्हें पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो वो भागने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मी ने एक युवक को डंडा मार दिया।