बीकानेर संभाग: रोडवेज कर्मचारियों ने ढोल बजा कर किया प्रदर्शन….

गंगानगर बीकानेर राजस्थान राज्य

अनूपगढ़/श्रीगंगानगर (SriGanganagar), @dainikkhabraan। अनूपगढ़ रोडवेज कर्मचारियों ने ढोल बजा कर प्रदर्शन किया।

ढोल बजाओ सरकार जगाओ अभियान के तहत आज प्रदर्शन किया गया।

रोडवेज डिपो पर एक घंटे प्रदर्शन कर जताया विरोध, बोले- सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 27 अक्टूबर को करेंगे हड़ताल

राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों के पिछले कई दिन से विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को सूरतगढ़ रोड स्थित रोडवेज डिपो पर प्रदर्शन कर विरोध जताया गया। कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें उनके रिटायरमेंट बेनिफिट मिलने चाहिए। कर्मचारियों ने 20 अक्टूबर को अपने पूर्व घोषित कार्यक्रमों से हटकर विरोध प्रदर्शन का नया तरीका अपनाने का निर्णय किया है। कर्मचारी इस दिन प्रदेश के सभी रोडवेज डिपो पर ढोल बजाकर विरोध जताएंगे।

हर डिपो पर बजेंगे ढोल
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के मनोज सुथार ने बताया कि कर्मचारी पिछले कई दिन से सातवें वेतन आयोग का लाभ देने, वेतन और पेंशन का भुगतान समय पर करने सहित विभिन्न मांगों के संबंध में विरोध जता रहे हैं। इसी क्रम में 5 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच एक विशेष आयोजन का फैसला किया था। इसके तहत ढोल बजाओ, सरकार जगाओ कार्यक्रम रखा गया है। डिपो ऑफिस पर ढोल बजाकर सरकार को उनकी मांगों के बारे में बताया जाएगा।

25 और 26 अक्टूबर को दिन-रात के धरने, 27 को हड़ताल
उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 25 अक्टूबर और 26 अक्टूबर को दिन और रात के धरने लगेंगे तथा इसके बाद 27 अक्टूबर को 24 घंटे की हड़ताल प्रस्तावित है।