बीकानेर संभाग: एक नर्स और दो-तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध गर्भपात कराने से 18 वर्षीय युवती की मौत….

राजस्थान राज्य हनुमानगढ

बीकानेर संभाग: एक नर्स और दो-तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध गर्भपात कराने से 18 वर्षीय युवती की मौत….

हनुमानगढ़, @dainikkhabraan। हनुमानगढ़ टाउन में कथित बॉयफ्रेंड की ओर से एक नर्स और दो-तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध गर्भपात कराने से 18 वर्षीय युवती की मौत की घटना के दूसरे दिन पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने बताया कि किराए के मकान में नर्स ने युवती का गर्भपात किया था। जांच अधिकारी एसआई पूर्ण सिंह ने गर्भपात के घटनास्थल वार्ड 46 के एक किराए के मकान का एफएसएल टीम के साथ मौका-मुआयना कर जांच-पड़ताल की।

पुलिस ने इस मामले में संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ कर रही है। गुरुवार दोपहर को तीन सदस्यीय टीम में शामिल एमजे डॉ. विनीत गौतम, सर्जन डॉ. विनोद मावंडिया व गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. हरिताषा ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर आवश्यक सैंपल जांच के लिए लैब भिजवाए। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में पता चल सकेगा कि मौत का कारण क्या रहा और मृतका कितने माह की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि गर्भपात के बाद तबीयत बिगड़ने के बाद उसे हिसारिया अस्पताल में ले जाया गया। वहीं आरोपी कथित नर्स ममता के बारे में पूछताछ की।

यहां बता दें कि आरोपी नर्स ममता हिसारिया अस्पताल में कार्यरत है। वहीं बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसने युवक को गर्भपात किए जाने का ठिकाना बताया था। पुलिस उसे राउंडअप कर पूछताछ कर रही है।

जांच अधिकारी एसआई पूर्ण सिंह का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वहीं नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।