बीकानेर शहर में धमाका
बीकानेर, @dainikkhabraan। मुरलीधर व्यास कॉलोनी गेबना पीर रोड़ पर तेज धमाके के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस धमाके में चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर रैफर किया गया है। मौके पर नयाशहर पुलिस पहुंची है लेकिन अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये धमाका कैसे हुआ?
नयाशहर थाना प्रभारी गोविन्द सिंह चारण ने बताया कि गेबना पीर रोड पर फ्लेट्स से कुछ आगे धमाका हुआ है। इस धमाके में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एम्बुलेंस से पीबीएम अस्पताल भेजा गया है। विस्फोट स्थल पर छानबीन की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि इतना बड़ी विस्फोटक सामग्री यहां कैसे आई? आशंका जताई जा रही है कि महाजन फिल्ड फायरिंग रेंज से तांबे के चक्कर में तो कोई बम नहीं ले आया। ये भी आशंका है कि दीपावली पर पटाखों की कोई फैक्ट्री तो आसपास काम नहीं कर रही है। सभी घायल मजदूर बताये जा रहे हैं और इनकी शिनाख्त की जा रही है।
ट्रोमा सेंटर में समाज सेवी संस्था असहाय सेवा संस्था के ताहीर हुसैन से मिली जानकारी के अनुसार धमाके में झुलसे चार युवकों के नाम मुरली पुत्र हीरालाल (39), विक्रम पुत्र सज्जन सिंह (23), अश्वनी पुत्र हीरालाल (22), कपिल पुत्र रामलाल (22) है। जानकारी के अनुसार चारों युवक पचास प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं।

