बीकानेर: पटवार परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, चप्पल में नकल के मास्टर माइंड तुलसाराम के भतीजे के घर पुलिस का देर रात छापा, दो गिरफ्तार….

बीकानेर

पटवार परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, चप्पल में नकल के मास्टर माइंड तुलसाराम के भतीजे के घर पुलिस का देर रात छापा,दो गिरफ्तार

बीकानेर। रीट परीक्षा में नकल का बड़ा भंडाफोड़ करने वाली बीकानेर पुलिस ने पटवारी परीक्षा के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। नकल वाली चप्पल और खास डिवाइस बनाने वाला वांटेड तुलसाराम कालेर के भतीजे सौरव कालेर के घर पर पुलिस ने छापा मारा। इस बीच सौरव तो फरार हो गया लेकिन उसके यहां से बड़ी मात्रा में नकल का सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार की कार्रवाई में चार को नामजद किया है। जबकि दो की गिरफ्तारी हो गई है।गंगाशहर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि तुलसाराम का भतीजा पटवारी परीक्षा में नकल की सामग्री बेच रहा है। इस पर देर रात करीब ढ़ाई बजे जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा। वहां से सौरव तो भाग गया, लेकिन काफी मात्रा में नकल का सामान पुलिस को मिला है। जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने उम्मेदाराम नामक एक युवक को नकल की सामग्री खरीदने के मामले में गिरफ्तार किया है। वो अपने किसी रिश्तेदार के लिए नकल सामान लेने की कोशिश में था। उसके अलावा गंगाशहर पुलिस ने चौधरी कॉलोनी निवासी राजाराम को ब्ल्यू ट्रूथ के साथ गिरफ्तार किया है। वो मूल रूप से कानासर का रहने वाला है। गंगाशहर थानाधिकारी राणीदान चारण ने बताया कि इस मामले में अभी और गिरफ्तारी होनी है।

नकल नहीं होने देंगे

बीकानेर पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने बताया कि नकल के बारे में जानकारी मिलते ही दो थानों की पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। जल्दी ही इनके अन्य साथियों को भी पकड़ा जायेगा। यादव ने कहा कि किसी भी स्थिति में नकल नहीं होने देंगे।