पति ने पत्नी को बदनाम करने के लिए की फेसबुक आईडी हैक
इंदौर, @Dainikkhabraan। इंदौर में पति-पत्नी के विवाद का एक हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। पति ने इंदौर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रही पत्नी को बदनाम करने के लिए उसकी फेसबुक आईडी हैक कर ली। क्राइम ब्रांच की साइबर सेल में पीड़िता ने शिकायत की। जांच पूरी होने के बाद भंवरकुआ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस केस में पुलिस ने गूगल की मदद भी ली।
TI संतोष दूधी ने बताया कि, वन विभाग के SDO ओमप्रकाश बिडारे पर उनकी पत्नी ने केस दर्ज कराया है। दो माह पहले पीड़िता की फेसबुक आईडी हैक हुई थी। इसके बाद उन्होंने शिकायत की थी।
गूगल को लेटर भेजकर साइबर सेल ने हैकर की जानकारी निकाली। जिसमें ओमप्रकाश की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद अधिकारियों के आदेश पर मामले में केस दर्ज किया गया है। SDO अभी छतरपुर वन विभाग में पदस्थ है।मामले में पुलिस SDO को नोटिस भेजकर तलब करेगी।
बड़वानी में भी है दहेज प्रताड़ना का केस
पीड़िता ने बताया कि ओमप्रकाश ने आईआईटी मुंबई से M.tech. किया है।
परिवार को M.tech. पढ़ी बहू चाहिए थी। इस दौरान पारिवारिक बातचीत से उनका रिश्ता तय हुआ और मई 2019 में शादी हो गई। शादी के कुछ समय बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हुआ। डेढ़ साल पहले बड़वानी में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा चुकी है। ससुर लिनिया बिडारे वन विभाग से ही रिटायर्ड हुए हैं। पति का बड़ा भाई दीपक जेल में प्रहरी है। ननद भी सरकारी नौकरी में है। पीड़िता ने बताया कि उसने DAVV M.tech. किया है और इंदौर में रहकर अभी पीएससी की तैयारी कर रही है। पति ओमप्रकाश आईडी हैक कर उसकी पर्सनल जानकारी निकालकर उसे बदनाम करना चाह रहा था।

