दोस्त ने पत्नी पर कमेंट किया तो शराब के नशे में थाने पहुंचा, पुलिस ने एफआईआर नहीं की तो छिड़क दिया पेट्रोल
जोधपुर, @dainikkhabraan। जोधपुर में एक युवक शुक्रवार को मामला दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचा। शराब के नशे में देख पुलिस के जवान ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उसकी फरियाद भी नहीं सुनी और थाने से निकाल दिया।
बाहर आकर युवक ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाने का प्रयास करने लगा। इस बीच ट्रैफिक पुलिस ने उसे देख लिया और उसे बचा लिया।
दौसा जिला निवासी देवी सिंह उर्फ राजू राव रातानाडा क्षेत्र में रहता है। वह टैक्सी चलाता है। उसकी पत्नी घरों में झाड़ू-पोछा लगाने का काम करती है। गुरुवार देर रात देवी सिंह के दोस्त ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का चरित्र ठीक नहीं है। इसके बाद वह परेशान हो गया है।
शुक्रवार सुबह शराब पीकर रातानाडा पुलिस थाने में दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कराने पहुंच गया। शराब के नशे में उसके जोर से बोलने पर वहां तैनात पुलिस जवानों ने उसे यह कहकर भगा दिया।
पुलिस ने कहा कि शराब का नशा उतर जाए तब आ जाना। पुलिस के जवाब से आहत देवी सिंह वहां से बाहर निकला और थोड़ी दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल खरीद लिया।
रातानाडा चौराहे पर पहुंच वह ऊपर चढ़ गया और चिल्लाते हुए अपने ऊपर पेट्रोल का छिड़काव कर लिया। जेब से माचिस निकाल वह आत्मदाह करने ही वाला था कि वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान की नजर उस पर पड़ गई। उसने भागकर देवीसिंह को पकड़ा और माचिस छीन ली। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई।

