बीकानेर,@दैनिक खबरां। ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मोहता चौक से आचार्य चौक तक सड़क नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत करवाए जाने वाले इस कार्य पर 46.75 लाख रुपए व्यय होंगे।
इस अवसर पर डाॅ. कल्ला ने कहा कि बीकानेर शहर में सड़कों का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सतत कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सड़कों से संबंधित कार्यों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इनमें से ढाई करोड़ रुपये की लागत से ग्याहर सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। मोहता चौक से आचार्य चौक तक बनने वाली सड़क भी इसमें एक है।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अलावा यूआईटी द्वारा 1.25 करोड़ रुपये से सड़कों के पेचवर्क करवाए जा रहे हैं। निगम क्षेत्र की सड़कों को ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के लिए डीएमएफटी फंड से साढे सात करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

