जयपुर में शर्मनाक: महिला मॉल में रोती रही, कपड़े उतरवाकर ली तलाशी: मैनेजर-सेल्समैन की शर्मनाक करतूत….

जयपुर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

जयपुर में शर्मनाक: महिला मॉल में रोती रही, कपड़े उतरवाकर ली तलाशी: मैनेजर-सेल्समैन की शर्मनाक करतूत….

जयपुर, @dainikkhabraan। एक महिला से सरेआम बदसुलूकी की घटना सामने आई है। मामला जयपुर में एक शॉपिंग मॉल के शोरूम में 20 दिसंबर का है। इस घटना में पीड़िता के कपड़े जांच के नाम पर उतरवा दिए गए। वह जेएलएन मार्ग पर स्थित डब्ल्यूटीपी मॉल में शॉपिंग करने गई थी। एक कपड़ा कम मिलने पर मैनेजर और सेल्समैन ने महिला के कपड़े उतरवा दिए। महिला इस दौरान राेती रही, मगर किसी ने उसकी नहीं सुनी। आखिरकार, एडिशनल कमिश्नर के दखल से मामला दर्ज कराया जा सका।

मनपसंद कपड़े ट्रायल किए, जब बाहर आई तो कहा गया कि एक कपड़ा कम है
यह ओछी हरकत महिला के साथ तब हुई, जब वह 20 दिसंबर की शाम 7:45 पर मॉल में स्थित मार्क एंड स्पेंसर शोरूम में शॉपिंग करने गई थी। उसने मनपसंद कपड़ों का ट्रायल किया। यह ट्रायल उसने चेंजिंग रूम में किया। पीड़िता ने ट्रायल रूम में जाने से पहले सेल्समैन से अपनी साइज के कपड़े मंगवाए। इन कपड़ों को ट्राई करने के बाद महिला अपनी पसंद के कपड़े लेकर बिलिंग के लिए कैश काउंटर पर गई। उसी दौरान सेल्समैन ने बताया कि ट्रायल किए कपड़ों में से एक कपड़ा कम है।

पीड़िता का छोटा बैग भी चेक किया गया, कुछ नहीं मिला तो की गई ओछी हरकत
इस दौरान पीड़िता रोने लगी और उसने अपना छोटा बैग भी दिखाया और उसे चेक भी करवाया। बैग से कुछ नहीं मिलने पर सेल्समैन ने दूसरे सेल्समैन की मदद से सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। इस पर पीड़िता शोरूम मैनेजर के पास पहुंची, जिसने भी उसकी एक न सुनी और महिला गार्ड को बुलवाकर सबके सामने चेंजिंग रूम में ले जाने काे कहा। तब महिला गार्ड ने पीड़िता की कपड़े उतरवाकर तलाशी ली। कुछ नहीं मिलने पर ही मैनेजर ने पीड़िता को जाने दिया।

परिवारवालों को बताई आपबीती, कमिश्नर ने दी दखल, तब दर्ज हुआ मामला
इस घटना के बाद पीड़िता रोते हुए घर पहुंची और पूरी बात अपने परिवारवालों को बताई। इस बात पर परिवारवालों ने जवाहर सर्किल थाने में शोरूम मालिक, मैनेजर, दोनों सेल्समैन और महिला गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की कोशिश की। पुलिस की ओर से मामला नहीं दर्ज करने पर परिजन एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लांबा से मुलाकात की, जिन्होंने केस दर्ज करने का आदेश दिया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।