10 लाख की फिरौती
जयपुर, @dainikkhabraan। जयपुर में कपड़ा व्यापारी को डमी बम भेजकर 10 लाख की फिरौती मांगने वाले नौकर और प्रेमिका से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। डमी बम बनाकर अपने मालिक को धमकाने वाला नौकर पांचवीं पास निकला। यू-ट्यूब से वीडियो देखकर उसे बम बनाने का आइडिया आया।
अनीस पहले से इलेक्ट्रिक का थोड़ा बहुत काम जानता था। इसी का फायदा उसने उठाया और डमी टाइमर बम तैयार कर लिया। इधर, प्रेमिका वाले मामले में भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसे वह अपनी महिला मित्र बता रहा था, वह उसकी साली की बेटी निकली।
जवाहर नगर थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया कि अनीस अहमद (40) और प्रेमिका सुहालिया (19) ने मिलकर व्यापारी से फिरौती मांगने का प्लान बनाया था। व्यापारी को धमकी भरा बम देने के बाद अजमेर भाग गए थे। वहां से दोबारा जयपुर आ गए थे। अनीस ने ही सुहालिया को जल्द रुपए कमाने के लिए योजना में शामिल किया था। उस पर केवल 15 हजार रुपए का कर्जा था।
पूछताछ में बताया कि वीडियो देखकर उसने सामान इकट्ठा कर लिया। वह घर पर इलेक्ट्रिक का काम करता है। ऐसे में एक अलार्म घड़ी लेकर आ गया। घड़ी के पार्ट निकाल कर उसने टाइमर बनाया। फिर तारों को आपस में जोड़ कर बैटरी से कनेक्ट कर दिया था।
4 बच्चों का पिता है अनीस, साली की लड़की से अफेयर
अनीस बहुत शातिर है और मूलत: उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। वह चार बच्चों का पिता है। वह पिछले 15 सालों से जयपुर में रहता है। उसकी प्रेमिका सुहालिया साली की लड़की है। पत्नी को छोड़ कर अनीस प्रेमिका के साथ ही जयपुर में रहता है और आरा-तारी का काम करते हैं।
व्यापारी से अनीस शोरूम पर आकर कपड़े लेकर जाता था और कपड़ों को तैयार कर वापस दे देता था। व्यापारी विभू गुप्ता और अनीस दोनों पहले सोड़ाला में एक शोरूम में एक साथ काम भी करते थे। ऐसे में दोनों की अच्छी पहचान थी। बाद में विभू गुप्ता ने अपना कपड़ों का काम शुरू कर लिया था। इसके बाद अनीस को अपने साथ 6 महीने पहले काम पर रख लिया था।

सेठ के पास जाकर हालचाल पूछा
शोरूम में बम पहुंचाने के बाद अनीस व्यापारी के पास पहुंचा था। उसे टेंशन में देखकर बोला था कि सेठ जी क्या हुआ। तब व्यापारी ने धमकी के लेटर और फिरौती मांग कर बम से उड़ाने की बात बताई। अनीस ने उसे पुलिस के पास जाने की भी सलाह दी थी, लेकिन व्यापारी ने डर के कारण मना कर दिया था। बाद में अनीस अपनी प्रेमिका को लेकर अजमेर चला गया था। उससे एक हजार रुपए भी फोन पे पर डलवा लिए थे। वे पकड़े जाने के डर से वापस जयपुर आ गए थे।
गोदाम से जाकर कपड़े भी लाया
अनीस अहमद ने अगले दिन व्यापारी के गोदाम पर जाकर आरा-तारी के लिए कपड़े भी लिए थे। किसी को शक नहीं हो, इसलिए उससे फोन पर बात कर पूछा था कि बम वाले का कुछ पता लगा या नहीं। ऐसे में अनीस लगातार व्यापारी के संपर्क में बना हुआ था।
पुलिस को सीसीटीवी से रिक्शे वाले का पता लगा। वहां से बुर्के वाली महिला का पता लगाया था। अनीस और सुहालिया दोनों साथ में ही थे। दोनों पुलिस को फुटेज में आते-जाते हुए दिखाई दिए थे। इससे पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली थी। पुलिस ने व्यापारी को भी अनीस से लगातार बात करते रहने की बात कही थी ताकि उसे शक नहीं हो।


