अधिकारी बन ठगी: 10वीं तक पढ़ा लिखा शातिर पहले बॉर्डर होमगार्ड में था, नौकरी लगाने के नाम पर ठगी, धोखाधड़ी के 21 मुकदमे दर्ज…..

गंगानगर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य श्रीगंगानगर

अधिकारी बन की ठगी।

श्रीगंगानगर, @dainikkhabraan। तीन स्टार वाली पुलिस की वर्दी पहनकर ठगी करने वाला फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर अब सलाखों के पीछे है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 10वीं कक्षा तक पढ़ा लिखा शातिर ठग कालूराम उर्फ राहुल शेखावत (35) श्रीगंगानगर में बॉर्डर होमगार्ड में जवान था। वह सरहद के पास आबकारी में निगरानी का काम करता था।

शानो-शौकत की जिंदगी जीने के शौकीन राहुल का इतनी सी सैलरी से काम नहीं चलता था, इसलिए उसने ठगी कराने की योजना बनाई।

राहुल बॉर्डर होमगार्ड की वर्दी पहनता था। अफसरों से मिलता था। श्रीगंगानगर जिले में रावला कस्बे के 1 एसकेएम क्षेत्र में रहने वाले राहुल शेखावत ने वर्ष 2015 में गंगानगर में ही भोले भाले लोगों को नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगना शुरू कर दिया। वर्ष 2019 तक राहुल के खिलाफ धोखाधड़ी के 21 मुकदमे दर्ज हो चुके थें।

श्रीगंगानगर के समीपवर्ती पंजाब के पुलिस थाने में दर्ज हुआ पहला ठगी का केस

डीसीपी ऋचा तोमर ने बताया कि राहुल के खिलाफ पहला मुकदमा श्रीगंगानगर के समीपवर्ती पंजाब में सदर कपूरथला में धोखाधड़ी का पहला मुकदमा दर्ज हुआ।

यहीं सात और मुकदमे राहुल के खिलाफ दर्ज हुए। इनमें पंजाब पुलिस ने राहुल शेखावत को गिरफ्तार किया। इसके बाद जयपुर के शास्त्री नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ। फिर चूरू में राजगढ़, श्रीगंगानगर में अनूपगढ़, रायसिंहनगर, समेजा कोठी, कोतवाली थाने में राहुल पर धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने का केस हुआ।

नागौर जिले में कोतवाली, हरियाणा के हिसार सिटी थाने, जयपुर के मानसरोवर व झोटवाड़ा थानों में राहुल के खिलाफ केस दर्ज होते गए। इन मुकदमों में वह गिरफ्तार हुआ।

ये सभी मुकदमे बेरोजगार लोगों को आबकारी, आर्मी और पुलिस में सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर मोटी रकम हड़पने के थे। यही नहीं, रीट में भी नागौर के एक व्यक्ति को पास करवाने के एवज में 2 लाख रुपए वसूले और उसकी कार लेकर भाग निकला।

दो दिन पहले जयपुर में किराना व्यापारी की सूझबूझ से पकड़ा गया शातिर ठग

झोटवाड़ा में कमानी रोड पर व्यापारी मनीष रावत के यहां रिजर्व पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर बनकर 15 लाख रुपए का किराना सामान खरीदने पहुंचा। तब व्यवसायी मनीष रावत की सूझबूझ की वजह से शातिर अंतरराज्यीय ठग राहुल झोटवाड़ा थाना पुलिस की गिरफ्त में आ गया। वह रिमांड पर चल रहा है।

स्पेशल टीम के कांस्टेबल बलराम व मालीराम ने उसे जाल बिछाकर पकड़ा तब दोनों पुलिसकर्मियों पर भी खुद को एसीबी में पुलिस इंस्पेक्टर बताते हुए अंजाम बुरा होने की बात कहकर धमकाने लगा। जयपुर में राहुल शेखावत के दो महंगे फ्लैट होना सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है ।

प्रारंभिक पड़ताल में यह ठगी आई सामने
1. भंवरलाल निवासी नागौर से रीट का पेपर दिलवाने के नाम पर 50 हजार रुपए व 2 कार ठगी कर हड़पने की वारदात की।
2. कालुराम मीणा व अर्जुन मीणा से आबकारी में नौकरी लगवाने के नाम पर 50 हजार रुपए व एक स्विफ्ट गाड़ी ले रखी हैं।
3. सीताराम सैनी निवासी शाहपुरा से आबकारी में भर्ती करवाने के नाम पर 02 लाख रुपए की ठगी कर रखी हैं।
4. कर्मवीर निवासी राजगढ़ चूरू से आबकारी में भर्ती करवाने के नाम पर 20 हजार रुपए की ठगी कर रखी है।
5. चन्द्रकांत शर्मा निवासी कांटा चौराहा झोटवाडा से आबकारी में भर्ती करवाने के नाम पर 20 हजार रुपए की ठगी कर रखी है।