बीकानेर में व्यापार शुरू कराने का लालच देकर महिला से लाखों रुपये और सोने के आभूषण हड़पे
दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर में धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने व्यापार शुरू कराने का लालच देकर उससे लाखों रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए। पीड़िता मोनिका बाधवानी निवासी मालवीय नगर, जयपुर (वर्तमान में मोहन क्वार्टर, रानी बाजार बीकानेर) ने इस संबंध में कोटगेट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
रिपोर्ट के अनुसार 15 जुलाई 2024 से 3 नवम्बर 2025 के बीच आरोपी निलेश अग्रवाल पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी शीतला गेट के बाहर हनुमान मंदिर के पास, ने धंधा शुरू करवाने का झांसा देते हुए महिला से 10 लाख रुपये नकद, एक सोने की चैन और सोने की अंगूठी ले ली। जब पीड़िता ने अपनी राशि और जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने देने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले से विवाहित होने के बावजूद उसे धोखे में रखकर पूजा कश्यप से दूसरा विवाह कर चुका है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने झूठे वादे कर लंबे समय तक उसे गुमराह किया। कोटगेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीकानेर में व्यापार शुरू कराने का लालच देकर महिला से लाखों रुपये और सोने के आभूषण हड़पे

